देश

17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने ब्राजील पहुंचे पीएम मोदी, हुआ भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी चार दिवसीय यात्रा पर ब्राजील पहुंचे हैं। अपनी यात्रा के दौरान, 6 और 7 जुलाई को वह रियो डी जेनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, उसके बाद एक राजकीय यात्रा करेंगे। यह लगभग छह दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा देश की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।

Image

पीएम मोदी पहुंचे पीएम मोदी (फोटो- @narendramodi)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम (स्थानीय समयानुसार) ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंचे, जहां वे 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और इसके बाद ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा पर ब्रासीलिया जाएंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की यात्रा का चौथा चरण है।

गर्मजोशी से हुआ स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी के ब्राजील पहुंचने पर गैलेओ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, "ब्रिक्स साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंचे हैं।"

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा- "ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंच गया हूं, जहां मैं ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लूंगा और बाद में राष्ट्रपति लूला के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा पर उनकी राजधानी ब्रासीलिया जाऊंगा। इस यात्रा के दौरान बैठकों और बातचीत के सार्थक दौर की उम्मीद है।"

'ऑपरेशन सिंदूर' की प्रस्तुति रही खास

ब्राजील में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे पीएम मोदी का पारंपरिक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति से भरे चित्रों से स्वागत किया गया। लोगों ने हाथों में तिरंगा लिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस स्वागत में सबसे खास बात 'ऑपरेशन सिंदूर' की प्रस्तुति रही। यह भारत की ओर से पाकिस्तान स्थित आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे एक निर्णायक अभियान पर आधारित प्रस्तुति थी, जिसे नृत्य और चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया। प्रवासी भारतीयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत पेंटिंग और 'ऑपरेशन सिंदूर' पर आधारित नृत्य के साथ किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने स्वागत समारोह में प्रस्तुति देने वाली भारतीय महिला नर्तकियों से मुलाकात की।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article