देश

राहुल गांधी ने पुंछ के पीड़ितों के लिए सरकार से मांगी मदद; PM मोदी को लिखा पत्र, कहा- राहत और पुनर्वास पैकेज करें तैयार

Pakistan Shelling Victims: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पुंछ में पाकिस्तानी गोलाबारी के पीड़ितों के लिए राहत और पुनर्वास पैकेज की मांग की। इससे पहले राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पुंछ पीड़ितों का एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि पुंछ का दर्द वहां जा कर ही महसूस होता है।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

Pakistan Shelling Victims: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पुंछ में पाकिस्तानी गोलाबारी के पीड़ितों के लिए राहत और पुनर्वास पैकेज की मांग की। उन्होंने हाल ही में पुंछ का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की थी और उनके मुद्दे को सरकार के समझ उठाने का आश्वासन दिया था।

राहुल ने PM मोदी को लिखा पत्र

कांग्रेस नेता ने पत्र में लिखा कि मैंने हाल ही में पुंछ का दौरा किया, जहां पाकिस्तानी गोलीबारी में चार बच्चों सहित 14 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। इस अचानक और अंधाधुंध हमले ने आम इलाकों में भारी तबाही मचाई है। सैकड़ों घर, दुकानें, स्कूल और धार्मिक स्थल बुरी तरह तबाह हो गए हैं। कई पीड़ितों ने बताया कि उनकी वर्षों की मेहनत एक झटके में बर्बाद हो गई।

पत्र में आगे कहा गया कि पुंछ और सीमा से लगे अन्य क्षेत्रों के लोग दशकों से शांति और भाईचारे के साथ रह रहे हैं। आज जब वे इस गहरे संकट से गुजर रहे हैं तो हमारा कर्तव्य है कि हम उनके दुख को समझें और उनके जीवन को फिर से संवारने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करें। राहुल गांधी ने पत्र में लिखा कि मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि पाकिस्तान की गोलीबारी से प्रभावित पुंछ और अन्य सभी इलाकों के लिए एक ठोस और उदारता से भरा राहत और पुनर्वास पैकेज तैयार किया जाए।

राहुल ने बयां किया पुंछ पीड़ितों का दर्द

इससे पहले राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पुंछ पीड़ितों का एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि पुंछ का दर्द वहां जा कर ही महसूस होता है। टूटे आशियाने, बिखरी जिंदगियां- इस दर्द की गूंज से भी बस एक आवाज़ आती है- हम हिन्दुस्तानी एक हैं। आग्रह नहीं, सरकार को ज़िम्मेदारी की याद दिला रहा हूं - पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित पुंछ और अन्य इलाकों के लिए ठोस, उदार और तात्कालिक राहत व पुनर्वास पैकेज तैयार किया जाए। यह मदद नहीं, फर्ज़ है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article