Jammu and Kashmir, Samba: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में इंटरनेशनल बॉर्डर के पास एक गांव के ऊपर एक पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। यह ड्रोन गंगवार थाना के अंतर्गत आने वाले रिगाल इलाके में देखा गया। यह ड्रोन शुक्रवार देर रात पाकिस्तान में चक भूरा पोस्ट से आता हुआ देखा गया था, जहां घगवाल इलाके के रीगल गांव के ऊपर कुछ मिनट तक मंडराता रहा और फिर बॉर्डर के दूसरी तरफ लौट गया।
कोई हथियार गिराकर तो नहीं भागा ड्रोन
सिक्योरिटी फोर्स ने इलाके की तलाशी ली है ताकि यह पक्का हो सके कि वहां से कोई नारकोटिक्स या हथियार जैसा कोई पेलोड तो नहीं गिराया गया है। यह ड्रोन सफेद और नीली लाईट के साथ पहचान में आया। वहीं BSF और SOG की टीमें इलाके में तलाशी अभियान चला रही हैं और सुनिश्चित कर रही हैं कि इलाके में ड्रोन ने कोई नार्कोटिक या हथियार तो नहीं गिराए गए।
कठुआ, सांबा और जम्मू में भारत-पाक बॉर्डर पर सर्च ऑपरेशन
इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने गुरुवार को सतर्कता बढ़ाने के लिए एक सुरक्षा ड्रिल के तहत कठुआ, सांबा और जम्मू जिलों में भारत-पाक सीमा और अंदरूनी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने कठुआ के कोरेपन्नू और मरहीन गांवों में, सदोह और अरंगल गांवों के बीच, खासकर सांबा जिले के मावा गांव के पास जंगली इलाकों के अलावा जम्मू के चौकी चौरा इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।
अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), बॉर्डर पुलिस और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने मिलकर ये जॉइंट सर्च ऑपरेशन किए। इनका मकसद सुरक्षा को मजबूत करना और चौकसी बढ़ाना था।
