देश

रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले की भारत ने की कड़ी निंदा, MEA प्रवक्ता बोले- नागरिकों पर हमला बर्दाश्त नहीं

भारत के विदेश मंत्रालय ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। 10 अक्टूबर को हुए इस हमले में 12 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

Image

रणधीर जायसवाल (फोटो साभार- PTI)

सऊदी अरब के रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों की भारत ने कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने 11 अक्टूबर 2026 को एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि पिछले कुछ दिनों में एयरपोर्ट पर बार-बार हमले हुए हैं, जिसमें 10 अक्टूबर का कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है।

रियाद एयरपोर्ट पर 10 अक्टूबर को हुआ हमला

भारतीय विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने बयान में कहा, "हम पिछले कुछ दिनों में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए बार-बार के हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें 10 अक्टूबर को हुआ कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है, जिसके कारण 12 लोगों की जान गई और कुछ लोग घायल हुए हैं। इससे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। हम मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।" विदेश मंत्रालय ने दो टूक कहा कि नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर बार-बार किए जा रहे हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत बंद किया जाना चाहिए।

सऊदी के साथ एकजुटता से खड़ा भारत

भारत ने साफ किया कि वह अपनी संप्रभुता की रक्षा में सऊदी अरब साम्राज्य की जनता और सरकार के साथ एकजुटता से खड़ा है और आशा करता है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो। रियाद एयरपोर्ट पर इस सप्ताह का यह तीसरा हमला बताया जा रहा है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इसे सऊदी अरब के खिलाफ उनके अभियान में बड़ी बढ़ोतरी के तौर पर देखा जा रहा है।

    हमले में 12 लोगों की मौत

    सऊदी एविएशन अथॉरिटी GACA के मुताबिक इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई है और 309 लोग घायल हैं। मरने वालों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी और अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। वहीं मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, फिलिस्तीन तथा सूडान के एक-एक नागरिक की मौत हुई है। हमले से पहले कोई चेतावनी जारी नहीं की गई थी। यहां तक कि सऊदी के अलर्ट सिस्टम ने भी कोई चेतावनी नहीं दी थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

    Aditya Sahu
    आदित्य साहूauthor

    आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

    और पढ़ें
    End of Article