शहर

दुमका में नाबालिग छात्रा की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या, फूटा ग्रामीणों को गुस्सा, शव रखकर किया हाईवे जाम

झारखंड के दुमका में नौवीं कक्षा की नाबालिग आदिवासी छात्रा का शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Image

दुमका में छात्रा की मौत पर गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर किया प्रदर्शन

Photo : Times Now Digital

झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां नौवीं कक्षा की एक नाबालिग आदिवासी छात्रा की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मधुबन के पास बच्ची का शव सड़क पर रखकर गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच और त्वरित सुनवाई का आश्वासन दिया है।

घर से निकली छात्रा का झाड़ियों के पास मिला शव

जानकारी के मुताबिक, जीतपुर गांव की रहने वाली छात्रा स्कूल से घर लौटने के बाद खाना खाकर मवेशियों को देखने गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह करीब आठ बजे उसका शव झाड़ियों के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई थी।

हाईवे जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मधुबन के पास शव सड़क पर रखकर गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। काठीकुंड और गोपीकांदर थानों की पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खोलने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। काठीकुंड के बीडीओ सौरभ कुमार ने बताया कि जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। उन्होंने जल्द आरोपियों को पकड़ने, मामले में स्पीडी ट्रायल और नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन दिया।

परिवार और स्कूल ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

मृतका की चाची ने बताया कि छात्रा पढ़ाई में बहुत अच्छी थी। वह नियमित रूप से स्कूल जाती थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। चाची ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले इलाके में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी, लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला। स्कूल के शिक्षक सिराज अंसारी ने घटना को जघन्य अपराध बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के गांवों से छात्राएं चार से पांच किलोमीटर तक का सफर तय कर स्कूल आती हैं। स्कूल अध्यक्ष फारूक अनवर ने भी सरकार और शिक्षा विभाग से छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक आधार पर कराने की अपील की।

छात्र नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग

छात्र नेता राजीव बास्की ने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, राजेंद्र मुर्मू ने पीड़ित परिवार के छोटे भाई-बहनों की मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करने की अपील की। फिलहाल ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सहायता और क्षेत्र की बच्चियों के लिए सुरक्षित माहौल की मांग कर रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article