Dhruv Rathee: कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस हिरासत से छोड़ दिया गया है। देर रात पुलिस ने ध्रुव राठी को छोड़ दिया। लेकिन दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि जंतर-मंतर आने की कोशिश करने पर पुलिस एक्शन लेगी। ध्रुव राठी सीजेपी के बंगलुरू प्रदर्शन में नजर आए थे। अभिजीत दीपके ने एक वीडियो मैसेज के जरिए ध्रुव राठी के आने की खबर दी थी।
गुरुग्राम से हिरासत में लिया था
प्रसिद्ध यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने शनिवार (10 अक्टूबर) सुबह एक बड़ी निवारक कार्रवाई के तहत हरियाणा के गुरुग्राम से हिरासत में ले लिया था। ध्रुव राठी मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) द्वारा जंतर-मंतर पर बुलाए गए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए हाल ही में जर्मनी से भारत आए थे।
कैसे और कहां हुई कार्रवाई?
शनिवार सुबह करीब 8 बजे दिल्ली पुलिस के लगभग 50 जवानों की एक टीम ने गुरुग्राम पुलिस के सहयोग से सेक्टर 56 के 'सेंट्रल पार्क विहार' स्थित उस फ्लैट पर छापा मारा, जहां ध्रुव राठी अपने माता-पिता के साथ ठहरे हुए थे। पुलिस टीम ने दरवाजा खुलते ही उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ व सुरक्षा कारणों से किसी अज्ञात स्थान पर ले गई।
जर्मनी से भारत वापसी
ध्रुव राठी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले ही बर्लिन (जर्मनी) से भारत लौटे थे। उन्होंने सबसे पहले 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में CJP के प्रदर्शन में शिरकत की थी, जहां अभिनेता प्रकाश राज भी उनके साथ नजर आए थे।
बेंगलुरु के बाद ध्रुव राठी दिल्ली पहुंचे और शुक्रवार शाम को इंडिया गेट से एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने जंतर-मंतर के प्रदर्शन से पहले राजधानी में की गई भारी सुरक्षा व्यवस्था, मेट्रो स्टेशनों के शटडाउन, ट्रेनों के रद्द होने और इंटरनेट पाबंदियों पर सवाल उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा था।
कई नेता गिरफ्तार
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, पिनारयी विजयन और माणिक सरकार सहित कई विपक्षी नेताओं को भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के प्रयास के दौरान हिरासत में लिया गया। सीजेपी नेता अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को हवाई अड्डे से हिरासत में लिए जाने के बाद एहतियाती नजरबंद कर दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमलों के संबंध में कई एफआईआर दर्ज कर सकती है।
