देश

UN में एक्सपोज होते ही बौखला गया पाक- भुट्टो ने उगला PM मोदी के खिलाफ जहर, तो भारत से मिला करारा जवाब

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 16, 2022, 11:52 PM IST

यूएन में भारत के हमलों से बौखलाए बिलावल भुट्टो जरदारी ने ओसमा बिन लादेन पर पाकिस्तान का बचाव करते हुए पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसे लेकर अब भारत सरकार की ओर से भी कड़ा जवाब दिया गया है। भारत के इस जवाब से पाकिस्तान को एक बार फिर से मिर्ची लग सकती है।

यूएन में विदेश मंत्री एस जयशंकर के द्वारा आतंकवाद पर एक्सपोज होने के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट बढ़ गई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल जरदारी भुट्टो ने पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इस मामले पर अब भारत की तरह से भी जवाब दिया गया है। भारत ने कहा कि आतंकवाद के मामले पर पाकिस्तान बेनकाब हो चुका है, जिसकी बौखलाहट अब साफ दिख रही है।

मीडिया रिपोर्टों में सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि भारत ने कहा है कि बिलावल भुट्टो की पीएम मोदी पर टिप्पणी, उनकी गहरी निराशा को दर्शाती है। पाकिस्तान पूरे विश्व में आतंकवाद फैलाने के लिए जिम्मेदार है। सरकारी सूत्रों ने यह भी कहा कि विफल पाकिस्तानी राजनेताओं ने सेना के जनरलों को अपनी राजनीतिक शक्तियां सौंप दी हैं। सेना के जनरल जो कहते हैं, वही ये नेता संयुक्त राष्ट्र जैसे मंचों पर कहते हैं।

सरकारी सूत्रों ने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने 2008 के मुंबई हमलों के मामले में कुछ नहीं किया है। जकीउर रहमान लखवी और हाफिज सईद जैसे आतंकवादी खुले घूम रहे हैं। भारत की ओर से कहा गया है- "पाकिस्तान एक ऐसा देश है जो ओसामा बिन लादेन को एक शहीद के रूप में गौरवान्वित करता है। लखवी, हाफिज सईद, मसूद अजहर, साजिद मीर और दाऊद इब्राहिम जैसे आतंकवादियों को आश्रय देता है।"

बता दें कि भारत के विदेश मंत्री, डॉ एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर मुद्दे को उठाने पर पाकिस्तान को जबरदस्त तरीके से घेरा था। उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद का केंद्र कहा था। उन्होंने पाकिस्तानी आतंकवादियों, विशेष रूप से जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख, मसूद अजहर को ब्लैकलिस्ट करने के प्रस्तावों को बार-बार रोकने के लिए चीन और पाकिस्तान पर हमला भी बोला था। इन्हीं हमलों से बौखलाए पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article