देश

VIDEO: कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी के कायल हुए ओवैसी, AIMIM प्रमुख ने तारीफ में क्या-क्या कहा?

Captain Smit Machchhar: फ्लाईदुबई विमान में कथित हमले के दौरान 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। असदुद्दीन ओवैसी ने उनके साहस की तारीफ की है। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने सह-पायलट के ईरान से संभावित संबंध की जांच की बात कही है। भारतीय दूतावास के मुताबिक कैप्टन मच्छार की हालत अच्छी है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। सऊदी अरब से उन्हें यूएई एयरलिफ्ट किया गया है।

Image

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को ओवैसी ने किया सलाम, बोले- जल्द परिवार से मिलें। ANI

Photo : ANI

Captain Smit Machchhar: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनकी जमकर तारीफ की है। वहीं, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने फ्लाईदुबई विमान में हुए कथित आतंकी हमले के प्रयास को लेकर प्रतिक्रिया दी है। ओवैसी ने विमान के कैप्टन की बहादुरी और सूझबूझ की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी तत्परता ने कई लोगों की जान बचाई।

ओवैसी ने कहा, “मैं कैप्टन की बहादुरी और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता की सराहना करता हूं, जिसने कई लोगों की जान बचाई। हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह जल्द भारत लौटकर अपने परिवार से मिल सकेंगे।”

फ्लाईदुबई के सह-पायलट के पीछे ईरान का हाथ होने का संकेत

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि फ्लाईदुबई विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश करने वाले सह-पायलट का ईरान से संबंध हो सकता है। व्हाइट हाउस में बृहस्पतिवार को संवाददाताओं ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्हें हमले के पीछे रहे सह-पायलट और तेहरान के बीच किसी संबंध के बारे में जानकारी दी गई है।उन्होंने कहा, ’’हम इस पर अभी काम कर रहे हैं।’’

ट्रंप ने कहा, ’’मैं जो सुन रहा हूं, उसके आधार पर कहूंगा कि जवाब हां है, लेकिन हम इस पर अभी काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

यह पूछे जाने पर कि यदि हमले के पीछे ईरान का हाथ पाया गया तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा, ट्रंप ने कहा, ’’हां, उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चिंता मत कीजिए।’’ उन्होंने कहा, ’’आप उनसे ही पूछिए। वे जानते हैं कि क्या हुआ। उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’

यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को स्मित मच्छार की सेहत से जुड़ा अपडेट जारी किया है। दूतावास ने बताया कि भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की स्वास्थ्य स्थिति अच्छी है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल जाकर कैप्टन स्मित मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की।

सऊदी से UAE किया गया एयरलिफ्ट

दूतावास ने कहा, ''कैप्टन मच्छार स्वस्थ हैं और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं।'' दूतावास ने यह भी कहा कि वह कैप्टन के इलाज और उनकी सेहत को सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। बताया जा रहा है कि कैप्टन मच्छार को सऊदी अरब के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से एक दिन बाद उन्हें यूएई एयरलिफ्ट किया गया और उनका इलाज किया जा रहा है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article