देश

ऑपरेशन सिंदूर: वेणुगोपाल बोले-6 जवानों की शहादत पर रक्षा मंत्री ने बोला 'झूठ', विशेषाधिकार हनन लाएगी कांग्रेस

कांग्रेस नेता ने X पर अपने एक पोस्ट में कहा कि 'यह एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है, जिसमें सीधे तौर पर देश की रक्षा और हमारे जवानों की शहादत का सम्मान जुड़ा हुआ है। संसद (लोकसभा) में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर हुई बहस के दौरान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत की जनता से झूठ बोला।

Image

केसी वेणुगोपाल ने राजनाथ सिंह पर झूठ बोलने का लगाया आरोप।

Photo : PTI

KC Venugopal : कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ऑपरेशन सिंदूर में सैनिकों की शहादत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। वेणुगोपाल ने मंगलवार को कहा कि देश की सुरक्षा करते हुए छह जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी लेकिन जुलाई 2025 में संसद में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ इस संघर्ष में किसी भी भारतीय जवान को नुकसान नहीं पहुंचा। अब सेना का कहना है कि उसके छह जवान वीरगति को प्राप्त हुए। रक्षा मंत्री के इस 'झूठ' ने सेना, देश और पीड़ित परिवारों का अपमान किया है। संसद को गुमराह करने के लिए रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस लाएगी।

राजनाथ सिंह ने भारत की जनता से झूठ बोला-वेणुगोपाल

कांग्रेस नेता ने X पर अपने एक पोस्ट में कहा कि 'यह एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है, जिसमें सीधे तौर पर देश की रक्षा और हमारे जवानों की शहादत का सम्मान जुड़ा हुआ है। संसद (लोकसभा) में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर हुई बहस के दौरान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत की जनता से झूठ बोला। यह सदन को गुमराह करने के उद्देश्य से बोला गया एक सीधा और स्पष्ट झूठ था। वे जुलाई 2025 में यह कैसे कह सकते थे कि कोई भी भारतीय सैनिक शहीद नहीं हुआ, जबकि ठीक एक साल बाद सेना ने घोषणा की कि हमने अपने 6 जवानों को खो दिया है?'

'...तो यह विशेषाधिकार उल्लंघन का मामला'

वेणुगोपाल ने कहा, 'यह उन 6 शहीदों के परिवारों और पूरे सशस्त्र बलों का अपमान है कि भारत के लोगों को उनकी बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान के बारे में नहीं बताया गया। उन्होंने हमारे दुश्मनों के खिलाफ देश की रक्षा करते हुए, राष्ट्र की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, और खुद को राष्ट्रवादी कहने वाली सरकार ने उनकी शहादत के बारे में सरलता से झूठ बोल दिया। यह एक स्थापित और स्पष्ट नियम है कि यदि कोई मंत्री सदन को गुमराह करता है या जानकारी छिपाता है, तो यह विशेषाधिकार का उल्लंघन माना जाता है, जो कि सदन की अवमानना के दायरे में आता है।'

नेशनल वॉर मेमोरियल पर लिखे गए नाम

उन्होंने कहा, 'इस संबंध में, मैंने माननीय लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया है। बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए इन जवानों का नाम नेशनल वॉर मेमोरियल पर अब जाकर लिखा गया है। जिन छह जवानों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की दीवार पर लिखे गए हैं, वे हैं-हेडक्वार्टर 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड के सूबेदार मेजर पवन कुमार, 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री के राइफलमैन सुनील कुमार (वीर चक्र), 5 फील्ड रेजिमेंट के लांस नायक दिनेश कुमार, 851 लाइट रेजिमेंट के अग्निवीर मूड मुरलीनाइक, 237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी के हवलदार सुनील कुमार सिंह और 39 विंग के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु सेना मेडल)।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article