देश

10 साल के श्रवण को मिला PM बाल पुरस्कार, जानें कैसे 'ऑपरेशन सिंदूर' में सैनिकों का बने थे सहारा

पंजाब के फिरोजपुर जिले के 10 साल के श्रवण सिंह ने अपने साहस और सेवा भाव से पूरे देश का दिल जीत लिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया, जो 26 दिसंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। सीमावर्ती गांव चक तरां वाली के श्रवण ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सैनिकों को को मदद पहुंचाकर अद्भुत साहस और देशभक्ति का परिचय दिया।

Image

श्रवण को पुरस्कार देतीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

Photo : Times Now Digital

पंजाब के सीमावर्ती जिला फिरोजपुर के युवा नायक मास्टर श्रवण सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया। यह सम्मान 26 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में दिया गया।

सीमावर्ती गांव से राष्ट्रीय मंच तक

फिरोजपुर जिले के सरहदी गांव चक तरां वाली के रहने वाले 10 साल के श्रवण सिंह को उनके असाधारण साहस, सूझबूझ और निस्वार्थ सेवा के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है। कम उम्र में ही श्रवण ने ऐसा काम किया, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बने थे सैनिकों का सहारा

मई 2025 में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत-पाकिस्तान सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण थे। दुश्मन की ओर से लगातार ड्रोन घुसपैठ और हमले का खतरा बना हुआ था। ऐसे कठिन हालात में श्रवण सिंह ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर श्रवण रोजाना चौकियों तक पहुंचते थे। वे तैनात सैनिकों के लिए पानी, दूध, लस्सी, चाय और बर्फ जैसी जरूरी सामग्री पहुंचाते थे। दुश्मन की सीधी निगरानी और खतरे के बावजूद, श्रवण की यह कोशिश लंबे समय से तैनात जवानों के लिए एक बड़ी राहत और मनोबल बढ़ाने वाली साबित हुई।

सेना ने पहले ही किया था सम्मानित

श्रवण सिंह के इस साहसिक और निस्वार्थ योगदान को देखते हुए भारतीय सेना की ओर से पहले भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही सेना ने उनकी शिक्षा की जिम्मेदारी भी ली है, ताकि यह होनहार बालक आगे चलकर देश के लिए और बेहतर योगदान दे सके। श्रवण का साहस, सेवा भाव और देशभक्ति यह साबित करती है कि उम्र कभी भी बड़े काम करने में बाधा नहीं बनती।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article