देश

UP Flood: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर मंत्रियों ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने चित्रकूट के रामघाट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित दुकानदारों, व्यापारियों और किसानों से बातचीत की। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षतिग्रस्त दुकान, प्रतिष्ठान और मकान का समुचित सर्वेक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि प्रभावित लोगों को राहत राशि तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।

Image

बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्यों की समीक्षा (फाइल फोटो: PTI)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य सरकार के मंत्रियों ने मंगलवार को प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्यों की समीक्षा की।राज्य सरकार द्वारा यहां जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को चित्रकूट और बांदा तथा उनके विभाग के राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने ललितपुर के विभिन्न बाढ़ प्रभावित एवं अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत, बचाव एवं पुनर्वास व्यवस्थाओं की समीक्षा की।मंत्री ने बांदा जिले के चिल्लाघाट स्थित मदनपुर पंप नहर तट से यमुना नदी के जल प्रवाह का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तहसील पैलानी एवं सदर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यमुना और केन नदियों के जलस्तर पर सतत नजर रखी जाए। उन्होंने नदियों के कटाव वाले स्थानों की पहचान कर संरक्षण कार्य समय से पूर्ण करने, राहत एवं बचाव के लिए नाविकों, मोटरबोट और आपदा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा लोगों को समय पर अलर्ट जारी करने के निर्देश दिए।

भाषा इनपुट

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article