गुरुग्राम, पुराना नाम गुड़गांव... आधुनिकता की पहचान, मिलेनियम सिटी और सांस्कृतिक पहचान, कौरवों व पांडवों के गुरु रहे गुरु द्रोणाचार्य का गांव। गुरुग्राम की पहचान कई हैं, लेकिन स्वीमिंग पूल के तौर पर इस शहर की पहचान से भी अब लोग अच्छे से वाकिफ हैं। हालांकि, पिछले कई वर्षों से यह शहर मानसून के मौसम में स्वीमिंग पूल जैसा बन जाता है। अंडरपास पानी से लबालब भर जाते हैं। लेकिन अब एक शख्स ने गुरुग्राम की पहचान को अच्छे से पहचाना और अंडरपास में भले पानी में स्वीमिंग पूल की तरह कूद गया। इसके बाद इस शख्स ने बकायदा इस 'स्वीमिंग पूल' में तैराकी भी की। इस शख्स का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा है। चलिए जानते हैं -
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। गुरुग्राम के लिए भी लगातार बारिश का कभी रेड अलर्ट तो कभी येलो अलर्ट जारी हो रहा है। भारी बारिश और गुरुग्राम का रिश्ता अनोखा है। क्योंकि बारिश भले ही 2 सेंटीमीटर हो, लेकिन गुरुग्राम की सड़कों और अंडरपास में पानी कई मीटर तक भर जाता है। इसकी वजह से सड़कों पर कई किमी लंबा जाम लगना भी गुरुग्राम का पर्मानेंट फीचर बन गया है। यानी मानसून आते ही गुरुग्राम शहर की सड़कें वैनिस की नहरों जैसी और गाड़ियां गंडोला बन जाती हैं। यहां ड्रेनेज की व्यवस्था इतनी लचर है कि अक्सर इसको लेकर लोग सोशल मीडिया पर खूब गुस्सा जाहिर करते रहते हैं। कई लोग तो इन समस्याओं को देखते हुए देश छोड़ने की बात करते हैं और कई जो गुरुग्राम छोड़कर जा चुके हैं, वह भगवान को शुक्रिया कहते हुए अपने फैसले पर गर्व करते हैं।
गुस्सा, निराशा, हताशा और शर्म से पानी-पानी के बीच एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पुराना वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक पानी से लबालब भरे अंडरपास में छलांग लगा रहा है। यह शख्स उसी तरह से पानी भरे अंडरपास में कूद गया, जैसे स्वीमिंग पूल में कूद रहा हो।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जहां से यह शख्स बाढ़ के पानी में छलांग लगाता है, वहां अंडरपास के ऊपर एक नीले रंग का बोर्ड लगा है। इस बोर्ड पर डीएलएफ-5, सेक्टर 53-56 की तरफ तीर का निशान लगा है। बोर्ड पर रघुवेंद्र मार्ग भी लिखा हुआ है। हालांकि, टाइम्स नाउ नवभारत इस वीडियो की तारीख और प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। बता दें कि इस वीडियो को इंस्टाग्राम हैंडल ‘gurgaonrentals031’ ने शेयर किया है। 18 जून को पोस्ट किए गए इस वीडियो को 46 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।
इस वीडियो पर तमाम यूजर्स की प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। एक यूजर ने लिखा, 'हम ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो गए हैं। यहां पर सालभर एक्यूआई 4-40 के बीच रहता है। लड़कियां सुरक्षित हैं। दूध शुद्ध है, उसमें शैंपू या यूरिया नहीं मिला है। सब्जियां और फल ही ऑर्गेनिक हैं और हम यहां पर सीधे नल का पानी ही पीते हैं। यहां पर सालभर तापमान 20-30 डिग्री रहता है। हमारा निर्णय बेस्ट था, यहां पर कई तरह की नौकरियां मौजूद हैं और देसी कम्युनिटी भी है।'
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, 'DLF Camellias ने कैमेलियाज के निवासियों के लिए इंफिनिटी पूल तैयार किया है।' एक अन्य यूजर ने इस पानी में छलांग लगाकर स्वीमिंग करने वाले व्यक्ति के प्रति चिंता जताते हुए लिखा, 'ये सीवर का पानी है भाई। तुम इसमें स्वीमिंग क्यों कर रहे हो? ये तुम्हारी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है।'
एक अन्य यूजर्स ने घर खरीदारों को सुझाव दिया है कि वह मानसून में ही घर खरीदें। ताकि उन्हें पता चल सके कि शहर का कौन से उपनगरीय इलाका असल में अच्छा है।
