Bhagwan Birsa Munda 150th Anniversary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के डेडियापाड़ा में 9,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आदिवासियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पार्टी के 60 साल के शासन में आदिवासियों को अपने हाल पर छोड़ दिया।
कांग्रेस पर बरसे PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज जनजातीय गौरव दिवस का ये अवसर हमें उस अन्याय को भी याद करने का अवसर देता है, जो हमारे करोड़ों आदिवासी भाई-बहनों के साथ किया गया है। देश में छह दशक तक राज करने वाली कांग्रेस ने आदिवासियों को उनके हाल पर छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि आदिवासी कल्याण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। हम हमेशा इस संकल्प को लेकर चलें कि हम आदिवासियों के साथ हो रहे अन्याय को समाप्त करेंगे, उन तक विकास का लाभ पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि जब पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बनें, भाजपा की सरकार बनी... तब देश में पहली बार जनजातीय समाज के लिए एक अलग मंत्रालय का गठन किया गया, लेकिन फिर जब कांग्रेस की सरकार बनी तो उन्होंने इस मंत्रालय की उपेक्षा की, पूरी तरह भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि अब हर बड़ी प्रतियोगिता में ट्राइबल इलाकों से नए-नए खिलाड़ी निकल रहे हैं। अभी भारत की महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। उसमें भी हमारी एक जनजातीय समाज की बेटी ने अहम भूमिका निभाई है। हमारी सरकार वंचितों की वरीयता के विजन पर काम करती है।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि मां नर्मदा की ये पावन धरती आज एक और ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बन रही है। अभी 31 अक्टूबर को हमने यहां सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई। हमारी एकता और विविधता को सेलिब्रेट करने के लिए भारत पर्व शुरू हुआ है। और आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के इस भव्य आयोजन के साथ हम भारत पर्व की पूर्णता के साक्षी बन रहे हैं। मैं इस पावन अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा को प्रणाम करता हूं।
उन्होंने कहा कि आज काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की चर्चा होती है, उज्जैन महाकाल कॉरिडोर की चर्चा होती है, अयोध्या के राम मंदिर की चर्चा होती है, केदारनाथ धाम की चर्चा होती है। पिछले एक दशक में ऐसे कई हमारे धार्मिक, ऐतिहासिक स्थानों का विकास हुआ है।
'जनजातीय गौरव हमारे भारत की चेतना का अभिन्न हिस्सा'
पीएम मोदी ने कहा कि आज यहां देश के विकास और जनजातीय कल्याण से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। स्वास्थ्य, सड़क और यातायात से जुड़े कई और प्रोजेक्ट्स भी शुरू हुए हैं। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए, सेवा कार्यों के लिए, कल्याण योजनाओं के लिए आप सभी को विशेषकर के गुजरात और देश के जनजातीय परिवारों को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा, ''2021 में हमने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। जनजातीय गौरव हजारों वर्षों से हमारे भारत की चेतना का अभिन्न हिस्सा रहा है। जब-जब देश के सम्मान, स्वाभिमान और स्वराज की बात आई तब हमारा आदिवासी समाज सबसे आगे खड़ा हुआ। हमारा स्वतंत्रता संग्राम इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। आदिवासी समाज से निकले कितने ही नायक नायिकाओं ने आजादी की मसाल को आगे बढ़ाया।''
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के पहले भगवान बिरसा मुंडा को कोई याद करने वाला नहीं था। सिर्फ उनके अगल-बगल के गांव तक ही पूछा जाता था। आज देशभर में कई ट्राइबल म्यूजियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज श्री गोविंद गुरु चेयर जनजातीय भाषा संवर्धन केंद्र की स्थापना भी हुई है। यहां भील, गामित, वसावा, गरासिया, कोकणी, संथाल, राठवा, नायक, डबला, चौधरी, कोकना, कुंभी, वर्ली, डोडिया… ऐसी सभी जनजातियों की बोलियों पर अध्ययन होगा। उनसे जुड़ी कहानियों और गीतों को संरक्षित किया जाएगा। जनजातीय समाज के पास हजारों वर्षों के अनुभवों से सीखा हुआ ज्ञान का अपार भंडार है। उनकी जीवन-शैली में विज्ञान छिपा हुआ है। स्वतंत्रता आंदोलन में ट्राइबल समाज के योगदान को हम भुला नहीं सकते।
