Monsoon Session 2026: लोकसभा में जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक में सभी दलों के सदन के नेताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता की आवाज सदन में सुनाई देनी चाहिए और इसके लिए मिलकर रास्ता निकाला जाना चाहिए। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
ओम बिरला ने सभी पार्टियों से क्या की अपील?
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ने सत्र के दौरान गतिरोध जारी रहने पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी दलों के नेताओं से अपील करते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने के लिए आपसी सहमति बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गतिरोध तोड़ने के लिए सभी दल मिलकर रास्ता निकालें। सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष ने यह भी कहा कि महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के लिए जितना समय मांगा जाएगा, उतना समय दिया जाएगा।
तकरार की भेंट चढ़ता मानसून सत्र
अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी पर चर्चा और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई पर गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही मानसून सत्र की शुरुआत से ही बाधित बनी हुई है।
लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही में सदस्यों की प्रभावी भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि सदन में सार्थक और रचनात्मक विचार-विमर्श होना चाहिए और देश को इस चर्चा को सुनना चाहिए। उन्होंने सभी दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से सदन की कार्यवाही सुचारु, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक और सार्थक चर्चा के लिए सदन का सुचारु संचालन आवश्यक है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनता के मुद्दों को सदन के गलियारों में इंतजार करते हुए नहीं छोड़ा जा सकता, इन मुद्दों की आवाज सदन में उठनी चाहिए, उन पर चर्चा होनी चाहिए और उनके समाधान तलाशे जाने चाहिए।
कई अहम विधायी काम लंबित
ओम बिरला ने कहा कि सदन के सामने कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे और विधायी कार्य लंबित हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से संसदीय मर्यादाओं और परंपराओं के अनुरूप चर्चा और संवाद के जरिए सदन को सार्थक एवं प्रभावी बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
BAC की बैठक ऐसे समय हुई है जब संसद के मानसून सत्र में विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार टकराव देखने को मिल रहा है। सरकार की ओर से चर्चा के लिए तैयार होने और गृह मंत्री के वक्तव्य की सहमति के बाद अब सदन की कार्यवाही सामान्य होने की उम्मीद बढ़ी है।
मुख्य बातें:
BAC बैठक की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने की
विपक्ष से सदन का गतिरोध खत्म करने की अपील
विद्यार्थियों से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए सरकार तैयार
गृह मंत्री सदन में देंगे वक्तव्य
अध्यक्ष ने विपक्ष से व्यवधान के बजाय चर्चा में हिस्सा लेने को कहा
कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे और विधायी कार्य सदन में लंबित
