Ludhiana West Byelection Result: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि वह राज्यसभा नहीं जाएंगे। उन्होंने यह बात पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी से राज्यसभा के मौजूदा सदस्य संजीव अरोड़ा के जीतने के बाद कही।
अरोड़ा को राज्यसभा से इस्तीफा देना होगा।
केजरीवाल ने क्या कुछ कहा?
केजरीवाल से एक प्रेस वार्ता में पूछा गया कि पार्टी अरोड़ा की जगह किसे उम्मीदवार बनाएगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "...मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी कि किसे उम्मीदवार बनाया जाए।" विपक्षी दलों ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी सुप्रीमो केजरीवाल अरोड़ा की जगह उच्च सदन में जाएंगे।
'2027 का सेमीफाइनल'
केजरीवाल ने गुजरात और पंजाब उपचुनाव के नतीजों को '2027 का सेमीफाइनल' करार देते हुए आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि मतदाताओं ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को ही नकार दिया।
पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने लुधियाना वेस्ट सीट बरकरार रखी, जहां AAP उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण के खिलाफ कड़े चुनावी मुकाबले में 10,637 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि गुजरात की विसावदर सीट पर भी आम आदमी पार्टी ने कब्जा किया।
