Shiv Sena UBT Split: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे का समर्थन करते हुए कहा कि पहले शिंदे जी के पीछे शिवसेना (शिंदे) गुट कहना पड़ता था, लेकिन अब कोई गुट बचा नहीं है। एक ही शिवसेना हो गई है। दरअसल, शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों ने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका देते हुए बागी तेवर अख्तियार किया है। इन सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर अलग गुट की मान्यता देने की मांग की।
शाह का उद्धव पर परोक्ष हमला
अमित शाह ने कोल्हापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर परोक्ष हमला किया। उन्होंने कहा कि शिंदे जी के पीछे शिवसेना (शिंदे) गुट कहना पड़ता था, लेकिन अब कोई गुट नहीं बचा। एक ही शिवसेना हो गई है। जैसे ही अमित शाह ने यह टिप्पणी की, कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित तमाम लोगों ने जमकर तालियां बजाई।
इस दौरान, अमित शाह ने बंगाल चुनाव में भाजपा को मिली जीत का भी जिक्र किया और कहा कि हमें कई लोग कहते थे कि सब जगह तो पहुंच जाओगे, लेकिन बंगाल का क्या होगा। पर अंतिम चुनाव में बंगाल की जनता ने भी भाजपा को आशीर्वाद दे दिया। मैं आज विश्वास के साथ कोल्हापुर की पवित्र धरती से देश की जनता को कहकर जाता हूं कि ने केवल बंगाल की सीमाओं से घुसपैठ बंद होगी, बल्कि देशभर से एक-एक घुसपैठिएं को हम चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'यह तो बस ट्रेलर है, फिल्म अभी बाकी...', उद्धव गुट के 6 सांसदों के पाला बदलने की चर्चाओं पर बोले एकनाथ शिंदे
कांग्रेस पर भी बरसे अमित शाह
अमित शाह ने आगे कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा, ''ये सभी लोग घुसपैठियों को वोट-बैंक बनाकर जीना चाहते हैं, लेकिन कान खोलकर सुन लो, यह देश धर्मशाला नहीं है। यहां वो ही रहेगा, जो इस देश में जन्मा है।'' उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा की सभी प्रकार की सुनिश्चितता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होगी।
