देश

Nidhi Tiwari Death Case: उस रात कमरे में हुआ क्या था... अचानक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने क्यों लगाई फांसी?

Nidhi Tiwari Death Case: मध्य प्रदेश के सिंगरौली की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 30 वर्षीय निधि के सुसाइड की जानकारी उनकी मां को फोन पर देने वाले युवक की पहचान सोनू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस निधि और सोनू के बीच हुई आखिरी बातचीत, फोन कॉल और सोशल मीडिया पोस्ट समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

Image

मध्य प्रदेश के सिंगरौली की इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने सुसाइड कर लिया। AI IMAGE

हेलो! मैं सोनू बोल रहा हूं। आंटी, ऊपर जाइए, निधि फांसी लगा रही है।” इतना कहने के बाद फोन स्विच ऑफ हो जाता है। बेटी के बारे में यह सुनते ही मां सीधे घर की ऊपरी मंजिल की ओर दौड़ पड़ती हैं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिवार वालों ने तुरंत रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का नजारा देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। निधि ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

30 साल की उम्र में मौत को गले लगाने वाली यह लड़की कोई और नहीं, बल्कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी थीं। फेसबुक पर लगभग 9 लाख और इंस्टाग्राम पर करीब 7 लाख फॉलोअर्स वाली निधि की संदिग्ध मौत ने सनसनी मचा दी है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के बाद मामला कई सवालों में उलझ गया है।

जिस युवक ने निधि की मां को फोन कर उनके सुसाइड करने की बात बताई थी, उसकी पहचान हो गई है। युवक की पहचान सोनू सिंह के रूप में बताई जा रही है। वह पंजाब का रहने वाला है और एनसीएल से जुड़ी एक आउटसोर्सिंग कंपनी में इंजीनियर बताया जा रहा है। पुलिस मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।

सोनू सिंह को निधि की स्थिति के बारे में कैसे पता चला?

यही इस मामले का सबसे अहम सवाल है। अगर सोनू निधि से फोन पर बात कर रहा था, तो बातचीत के दौरान ऐसा क्या हुआ कि उसने उनकी मां को फोन कर दिया? उसे निधि की स्थिति के बारे में किस तरह जानकारी मिली? इन सवालों के जवाब अभी जांच के बाद ही सामने आएंगे।

घटना के बाद सोनू का मोबाइल फोन बंद होने की बात सामने आई है। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस सोनू से जुड़ी जानकारी और निधि के साथ हुई आखिरी बातचीत को जांच का हिस्सा मानकर आगे बढ़ रही है।

nidhi t

सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर थी निधि। nidhi tiwari insta handle

क्या फोन पर हुई बहस मौत की वजह थी?

फिलहाल इसे निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच फोन पर बहस हुई थी, लेकिन बहस की वजह क्या थी और उसका घटना से क्या संबंध था, इसकी आधिकारिक तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी। पुलिस फोन कॉल रिकॉर्ड और बातचीत से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

इसलिए सोशल मीडिया पर सामने आ रहे दावों को सीधे घटना का कारण मानना उचित नहीं होगा। अभी तक उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पुलिस की जांच किसी निर्णायक निष्कर्ष तक पहुंचने की बात सामने नहीं आई है।

कौन थीं निधि तिवारी?

निधि तिवारी सिंगरौली में रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं। रिपोर्टों के अनुसार, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 16 लाख फॉलोअर्स थे। वह सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स पोस्ट करती थीं। इसके अलावा वह स्थानीय कार्यक्रमों के साथ-साथ ब्यूटी प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेती थीं। 2024 में उन्होंने मिस प्रिटी इंडिया का खिताब भी जीता था।

nidhi tiwari

घर की बड़ी बेटी थी निधी। nidhi tiwari insta handle

कैसा था निधि का परिवार?

निधि तिवारी के परिवार की बात करें तो उनके पिता अशोक तिवारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले बताए जाते हैं। नौकरी के सिलसिले में वह सिंगरौली पहुंचे थे, जहां उन्होंने हिंडालको पावर प्लांट में काम किया। इसी दौरान उन्होंने सिंगरौली के मोरवा क्षेत्र स्थित भूसा मोड़ में जमीन खरीदकर अपना घर बनाया।

अशोक तिवारी के परिवार में उनकी पत्नी हेमलता तिवारी और तीन बेटियां निधि, शीतल और ममता थीं। निधि परिवार की सबसे बड़ी बेटी थीं। उनकी छोटी बहन शीतल तिवारी की शादी सिंगरौली निवासी नीलेश मिश्रा से हुई थी। निधि की शादी नहीं हुई थी। नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद अशोक तिवारी अपने गृह जिले मैनपुरी चले गए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य सिंगरौली में ही रहते थे।

आखिरी पोस्ट और पुराने वीडियो क्यों चर्चा में हैं?

निधि के कुछ पुराने लाइव वीडियो और आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आए हैं। इनमें उन्होंने निजी जिंदगी, रिश्तों और अपने मूड को लेकर बातें की थीं। एक रिपोर्ट में उनके आखिरी पोस्ट का भी जिक्र है, जिसमें उन्होंने खुद से प्यार करने और खुद में खुद को तलाशने की बात लिखी थी।

निधि तिवारी का लिखा हुआ सोशल मीडिया स्टेटस अब उनके फैंस और पुलिस जांच के लिए चर्चा में है। वायरल पोस्ट में निधि ने लिखा था, “इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया। इसलिए कहा जाता है, खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं। खुद में खुद को तलाश करो, किसी और में आखिर कब तक तलाशोगे खुद को।”

nidhi tiwari insta handle 2

निधि तिवारी की आखिरी इंस्टा स्टोरी। nidhi tiwari insta handle

हालांकि, इन पोस्ट और वीडियो का उनकी मौत से सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है। किसी पुराने बयान या सोशल मीडिया पोस्ट को अकेले घटना का कारण मानना सही नहीं होगा। निधि ने आखिर आत्महत्या क्यों की, इस सवाल का जवाब पुलिस तलाश रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article