बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Tejashwi yadav) ने सोमवार को दावा किया है कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने अपनी सीएम उम्मीदवारी को लेकर भी बड़ा दावा कर दिया है।
क्या कहा तेजस्वी ने
राजद और जद (यू) के बीच अनबन की अटकलों को खारिज करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि न तो वो मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं और न ही नीतीश कुमार अगले साल प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में महागठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में अच्छी तरह से काम कर रहा है।
विधानसभा में किया ऐलान
सड़क निर्माण विभाग के लिए बजट आवंटन पर चर्चा के दौरान विधानसभा में बोलते हुए तेजस्वी ने कहा- "मैं मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के अधीन काम करके खुश हूं। न तो नीतीश कुमार पीएम बनने की दौड़ में हैं और न ही मुझे सीएम बनने की चाहत है। बीजेपी से नाता तोड़ने का बेहद अहम फैसला लेने के लिए मैं नीतीश कुमार जी को धन्यवाद देना चाहता हूं... उन्होंने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने की कोशिश कर रहा हूं।"
बीजेपी पर हमला
तेजस्वी ने आगे बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि कुछ लोग, राजद और जदयू के बीच दरार की अफवाह फैला रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि भाजपा मेरे ऊपर लगे आरोपों पर तो बोलती है, लेकिन अपने नेताओं के आरोपों पर चुप्पी साध लेती है।
क्यों दी सफाई
माना जाता है कि मुख्यमंत्री पद पर आसीन होने को लेकर अपनी ही पार्टी के कई नेताओं की बयानबाजी के कारण जदयू प्रमुख के साथ अनबन की अटकलों को शांत करने के लिए राजद नेता ने यह बात कही। ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि पिछले साल अगस्त महीने में महागठबंधन में शामिल होने के समय जदयू और राजद के बीच एक ‘‘सौदा’’ हुआ था जिसके तहत नीतीश तेजस्वी के लिए अपनी कुर्सी छोड़ देंगे, बदले में राजद, नीतीश के पीएम पद के लिए समर्थन करेगा।
