देश

5 लाख रुपये लेकर केमेस्ट्री का पेपर दिखाने के आरोपी चिकित्सक को लगा बड़ा झटका, कोर्ट ने जमानत याचिका की खारिज

NEET Paper Leak: दिल्ली की एक अदालत ने नीट पेपर लीक मामले में आरोपी एक चिकित्सक की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी। साथ ही, न्यायाधीश ने सभी 13 आरोपियों की न्यायिक हिरासत भी छह अगस्त तक बढ़ा दी।

Image

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट (फाइल फोटो)

NEET Paper Leak: दिल्ली की एक अदालत ने राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक मामले में आरोपी एक चिकित्सक की जमानत याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी। विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने आरोपी बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज भगवानराव शिरुरे की जमानत याचिका खारिज की। अदालत के विस्तृत आदेश का इंतजार है। न्यायाधीश ने सभी 13 आरोपियों की न्यायिक हिरासत भी छह अगस्त तक बढ़ा दी।

'चिकित्सक ने 5 लाख लेकर दिखाया था पेपर'

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जमानत पर सुनवाई के दौरान दावा किया था कि लातूर के रहने वाले चिकित्सक ने एक परीक्षार्थी के परिवार से पांच लाख रुपये लिए और परीक्षा से पहले परीक्षार्थी को अपने अस्पताल में लीक हुआ रसायन विज्ञान का पेपर दिखाया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सीबीआई ने अदालत को यह भी बताया था कि शिरुरे ने मुख्य आरोपी पी. वी. कुलकर्णी से दो अन्य चिकित्सकों की मुलाकात कराई थी और इन चिकित्सकों के बच्चों को भी कथित रूप से पेपर लीक होने से फायदा मिला था।

CBI ने लगाए गंभीर आरोप

सीबीआई ने आरोप लगाया था कि आरोपी चिकित्सक ने सह-आरोपी शिवराज मोटेगांवकर के बेटे आदित्य मोटेगांवकर को तीन मई को हुई नीट-यूजी परीक्षा से पहले अप्रैल के तीसरे सप्ताह में अपने अस्पताल में लीक हुआ रसायन विज्ञान का प्रश्नपत्र दिखाया था। सीबीआई ने दावा किया था कि परीक्षार्थी के परिवार से मिले पांच लाख रुपये शिरुरे की बहन के घर से बरामद किए गए थे।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच तीन मई को आयोजित परीक्षा 12 मई को रद्द कर दी थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी और 19 जुलाई को रिजल्ट सामने आया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article