देश

'दुनिया को भारत की ग्रोथ पर भरोसा, और तेज गति से बढ़ेगी हमारी रिफॉर्म एक्सप्रेस', ग्लोबल फिटनेक फेस्ट में बोले पीएम मोदी

Image

पीएम मोदी ने किया ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन। (फोटो- pti)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन किया। यहां अपने उद्घाटन संबोधन में पीएम ने भारत की आर्थिक मजबूती और डिजिटल भुगतान व्यवस्था की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय संघर्ष और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। ऊर्जा और कमोडिटी की सप्लाई चेन पर दबाव है और व्यापार को लेकर भी तनाव बना हुआ है। इसके बावजूद भारत की 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दुनिया के लिए नई उम्मीद पैदा कर रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत पर दुनिया का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सॉवरेन रेटिंग में सुधार इसका एक बड़ा उदाहरण है। जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी द्वारा भारत की सॉवरेन रेटिंग को A कैटेगरी में अपग्रेड किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा करीब तीन दशक बाद हुआ है।

‘दुनिया को भारत की ग्रोथ पर भरोसा’

प्रधानमंत्री ने कहा कि रेटिंग में सुधार यह दिखाता है कि दुनिया को भारत की विकास गति, व्यापक आर्थिक स्थिरता और पिछले कुछ वर्षों में किए गए संरचनात्मक सुधारों पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि भारत की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ अब और तेज गति से आगे बढ़ेगी। पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत अपने आर्थिक सुधारों की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

UPI बना भारत की फिनटेक कहानी का सबसे बड़ा चेहरा

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में पीएम मोदी ने भारत की फिनटेक यात्रा में UPI की भूमिका पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि जब भी फिनटेक की चर्चा होती है तो UPI का जिक्र किए बिना यह अधूरी रहती है। प्रधानमंत्री ने बताया कि 25 अगस्त को UPI ने अपने 10 साल पूरे किए। उन्होंने कहा कि एक दशक पहले जब वह कहते थे कि बैंक आपके हाथ की पहुंच में होगा, तब कुछ लोगों को यह बात असंभव लगती थी। पीएम मोदी ने कहा कि उस समय इस विचार पर संदेह करने वालों में कई जानकार लोग भी शामिल थे। लेकिन आज UPI भारत के डिजिटल भुगतान की पहचान बन चुका है।

वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत की मजबूत स्थिति

पीएम मोदी ने कहा कि अप्रैल से जून की तिमाही वैश्विक परिस्थितियों के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रही। ऊर्जा और कमोडिटी की आपूर्ति, व्यापारिक तनाव और दुनिया के कई हिस्सों में जारी संघर्षों का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। इसके बावजूद भारत की 7.8 फीसदी आर्थिक वृद्धि को उन्होंने देश की मजबूत आर्थिक बुनियाद का संकेत बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे मुश्किल वैश्विक माहौल में भारत की तेज वृद्धि दुनिया में नई उम्मीद और भरोसा पैदा करती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article