Maharashtra News: महाराष्ट्र में फडणवीस सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। सरकार ने गणेश उत्सव के दौरान कोंकण की यात्रा करने वाले गणेश भक्तों की निजी गाड़ियों को टोल शुल्क से छूट देने का फैसला किया है। यह निर्णय त्योहार के समय सड़कों पर बढ़ने वाले भारी यातायात को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
11 सितंबर से 27 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी रियायत
सरकार के मुताबिक, टोल में यह रियायत 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसका लाभ मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग-48, मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के अलावा कोंकण की तरफ जाने वाली अन्य PWD और MSRDC के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर स्थित टोल प्लाजा पर भी मिलेगा। अटल सेतु के रास्ते कोंकण की ओर जाने वाले पात्र वाहनों को भी इस सुविधा में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर लिया गया यह फैसला
लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। इसका उद्देश्य गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। टोल छूट का लाभ लेने के लिए सरकार की ओर से 'गणेशोत्सव 2026 कोंकण दर्शन' नाम से विशेष पास जारी किए जाएंगे। इन पास पर संबंधित वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चालक का नाम दर्ज रहेगा।
कोंकण जाने वाली MSRTC बसों को भी टोल शुल्क से मिलेगी छूट
खास बात यह है कि ये पास कोंकण से वापस लौटते समय भी मान्य होंगे, जिससे श्रद्धालुओं को वापसी यात्रा में दोबारा प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। इसके अलावा गणेशोत्सव के लिए कोंकण जाने वाली MSRTC बसों को भी टोल शुल्क से छूट दी जाएगी। बताया यह भी गया है कि राज्य सरकार की ओर से स्थानीय प्रशासन को टोल प्लाजा पर पास की जांच और सत्यापन प्रक्रिया तेज रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
