यूएई को हराकर बांग्लादेश एशिया कप 2026 में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने यूएई को 34 रन से हरा दिया। यूएई के सामने जीत के लिए 104 रन का लक्ष्य था, लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाजों ने इस स्कोर को भी आसानी से डिफेंड कर लिया। यूएई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 69 रन ही बना पाई। भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान ने पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी। भारत और श्रीलंका ने अपने-अपने ग्रुप में टॉप किया जबकि ग्रुप ए से पाकिस्तान 4 अंक और ग्रुप बी से बांग्लादेश ने 4 अंक के साथ क्वालीफाई किया। यूएई की ओर से सर्वाधिक 18 रन की पारी हीना हॉटचंदानी ने खेली। यूएई के 8 बैटर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। बांग्लादेश की ओर से राबिया खान ने 3 जबकि मारूफा अख्तर और नाहिदा अख्तर ने 2-2 विकेट चटकाए।
इससे पहले यूएई ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शारमीन अख्तर के सर्वाधिक 38 रन की पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 103 रन का स्कोर खड़ा किया। शारमीन के अलावा कप्तान निगार सुल्ताना ने 23 रन की पारी खेली। बांग्लादेश एक वक्त 13 ओवर में 59 रन के स्कोर पर 6 विकेट गंना चुकी थी, लेकिन 7वें विकेट के लिए नाहिदा और शोरना 42 रन की अहम साझेदारी कर अपनी टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। यूएई की ओर से सुरक्षा कोट्टे ने 3 जबकि इंधुजा नंदाकुमार ने 2 विकेट चटकाए।
पहले सेमीफाइनल में भारत से मुकाबला
एशिया कप 2026 का पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर को भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 11 सितंबर को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। दोनों मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
