देश

दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव में क्यों हो रही देरी? SIR और चुनाव याचिका बनी वजह, एक सीट पर तारीखों का एलान

पश्चिम बंगाल की बसीरहाट सीट, मेघालय की शिलांग सीट और असम की नागांव सीट अलग-अलग तारीखों पर रिक्त हुईं। चुनाव आयोग ने सोमवार को नागांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की, लेकिन अन्य दो सीटों पर नहीं।

Image

उपचुनाव (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : PTI

देश में तीन लोकसभा सीटें खाली होने के बावजूद फिलहाल सिर्फ एक सीट पर उपचुनाव का एलान किया गया है। चुनाव आयोग ने असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी है, जबकि पश्चिम बंगाल की बशीरहाट और मेघालय की शिलांग सीट पर अभी उपचुनाव का कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।

चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों सीटों पर अलग-अलग कानूनी और चुनावी प्रक्रियाएं चल रही हैं, जिसके कारण उपचुनाव टालना पड़ा है।

बशीरहाट सीट पर चुनाव याचिका बनी अड़चन

बशीरहाट लोकसभा सीट से टीएमसी के एसके नुरुल इस्लाम ने 2024 में चुनाव जीता था। हालांकि, उनके निर्वाचन को चुनौती देते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल की गई थी। लोकसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेने के कुछ महीनों बाद 25 सितंबर 2024 को नुरुल इस्लाम का निधन हो गया, लेकिन उनके निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका अब भी अदालत में लंबित है।

चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में 'सेकंड प्रेयर' भी लंबित है। चुनाव याचिका में आम तौर पर पहली मांग निर्वाचित उम्मीदवार के चुनाव को रद्द करने की होती है, जबकि दूसरी मांग में याचिकाकर्ता या किसी अन्य उम्मीदवार को निर्वाचित घोषित करने की अपील की जा सकती है। कानून के मुताबिक, किसी उम्मीदवार के निर्वाचन परिणाम को चुनौती देने के लिए संबंधित हाईकोर्ट में परिणाम घोषित होने के 45 दिनों के भीतर चुनाव याचिका दाखिल की जा सकती है।

SIR के चलते शिलांग उपचुनाव पर फैसला नहीं

मेघालय की शिलांग लोकसभा सीट वॉइस ऑफ द पीपुल्स पार्टी (VPP) के सांसद रिकी एंड्रयू सिंगकोन के निधन के बाद खाली हुई थी। उनका निधन 19 फरवरी 2026 को हुआ था। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मेघालय में फिलहाल मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) चल रहा है। इसकी अंतिम मतदाता सूची 21 अक्तूबर को प्रकाशित की जानी है। ऐसे में आयोग ने फिलहाल शिलांग सीट पर उपचुनाव का एलान नहीं किया है।

नगांव में 6 अक्तूबर को मतदान

असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यहां 6 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्तूबर को की जाएगी। नगांव सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। बोरदोलोई ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने इस साल मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। बाद में उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया और असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर दिसपुर सीट से चुनाव लड़ा। उन्होंने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article