Assam NDA: एनडीए के नेताओं ने रविवार को असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की और मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। यह असम में एनडीए की लगातार तीसरी सरकार होगी। भगवा पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने पहली बार 2016 में सत्ता संभाली थी, जिसका नेतृत्व केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने किया था।
एकमात्र गैर-कांग्रेसी नेता बनकर इतिहास रचेंगे
2021 में मुख्यमंत्री बने सरमा लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले एकमात्र गैर-कांग्रेसी नेता बनकर इतिहास रचने जा रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जिन्हें क्रमशः भाजपा का केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, भी सरमा और अन्य एनडीए नेताओं के साथ लोकभवन गए थे।
उन्होंने कहा कि एनडीए नेताओं ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है। राज्यपाल को तीनों घटक दलों द्वारा हस्ताक्षरित उनका आवेदन प्राप्त हो गया है। एनडीए में असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) भी शामिल हैं। इससे पहले दिन में, सरमा को असम विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए का नेता चुना गया। एनडीए ने विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत हासिल किया था। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि उसके सहयोगी एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें जीतीं।
केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने रविवार को ऐलान किया कि हिमंत बिस्वा सरमा को असम में भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, जिससे उनके लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। नड्डा ने बताया कि भाजपा के आठ विधायकों ने सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा। इससे पहले सुबह असम भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें नये नेता का चुनाव किया गया।
नड्डा और नायब सिंह सैनी उपस्थित रहे
बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर नड्डा और सह-पर्यवेक्षक हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित रहे। नड्डा ने बताया कि गठबंधन के सहयोगी दलों- असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने भी शर्मा के नाम का समर्थन किया, जिससे वह सर्वसम्मति से राजग विधायक दल के नेता चुन लिए गए। सरमा और एनडीए के अन्य नेता रविवार को बाद में लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात करेंगे और सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।
