देश

'फ्रेंडशिप डे की तरह ही उत्साह से मनाएं हैंडलूम डे', PM मोदी ने देशवासियों से की खास अपील; बोले- VIDEO बनाकर करें शेयर

National Handloom Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने फ्रेंडशिप डे मनाया, उसी उत्साह और उमंग के साथ 7 अगस्त को हैंडलूम डे मनाएं।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो साभार: @narendramodi)

Photo : Twitter

National Handloom Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि 7 अगस्त, 1905 को देश की आजादी के लिए स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी और आत्मनिर्भर भारत की नींव डाली गई थी। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि जिस तरह उन्होंने फ्रेंडशिप डे मनाया, उसी उत्साह और उमंग के साथ 7 अगस्त को हैंडलूम डे मनाएं।

'पसंदीदा हैंडलूम प्रोडक्ट का VIDEO करें शेयर'

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा, ''कल, 7 अगस्त को नेशनल हैंडलूम डे है। आइए, भारत की विविधतापूर्ण हैंडलूम विरासत को प्रसिद्धी दिलाएं। सोशल मीडिया पर अपने पसंदीदा हैंडलूम प्रोडक्ट के वीडियो बनाकर शेयर करें, जिसमें GRWN वीडियो भी शामिल हैं। #NationalHandloomDay का इस्तेमाल करना न भूलें।''

पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में कहा, ''7 अगस्त, 1905 को देश की आजादी के लिए स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी और आत्मनिर्भर भारत की नींव डाली गई थी। अंग्रेजों के खिलाफ बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी गई थी, जिसमें जन-जन का जुड़ाव था। पिछले सप्ताह आप सभी ने फ्रेंडशिप डे मनाया। मैं आज 7 अगस्त को हैंडलूम डे मनाने का आग्रह करता हूं।''

उन्होंने कहा कि हमें उत्साह और उमंग के साथ हैंडलूम डे मनाना है... हैंडलूम डे मनाने का मतलब गरीब बुनकर परिवारों को सहयोग देना है, जो अपने छोटे से घर में लूम पर कपड़ों की नई-नई वैरायटी तैयार करते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि हैंडलूम प्रोडक्ट के साथ वीडियो बनाकर दुनिया के सामने साझा करें, ताकि बुनकरों के सामर्थ्य का परिचय पूरी दुनिया को हो सके।

पहली बार कब मनाया गया था हैंडलूम डे?

सनद रहे कि नेशनल हैंडलूम डे, जिसे हम राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के नाम से भी जानते हैं। इसकी शुरुआत 7 अगस्त 2015 का हुई, जब पहली बार राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया गया। साल 2015 में इसका उद्धाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में किया था। तब से हर साल बुनकर समुदाय का सम्मान करने, देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में उनके योगदान को पहचान देने और भारत की हथकरघा विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने के सामूहिक संकल्प को याद रखने के लिए यह दिवस मनाया जाता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article