बिहार सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले बिजली फ्री को लेकर बड़ी घोषणा की है। बिहार में 1 अगस्त से 125 यूनिट फ्री बिजली लोगों को ंमिलने जा रही है। इसे लेकर जब यूपी के उर्जा मंत्री से सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपनी ही सरकार को घेर लिया। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा और शहरी विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि बिहार में बिजली ही नहीं आएगी तो बिल कहां से आएगा। बता दें कि बिहार में भी एनडीए की सरकार है और उत्तर प्रदेश में भी। दोनों ही राज्यों में बीजेपी ही सत्ता में है।
क्या बोले यूपी के मंत्री
उत्तर प्रदेश के ऊर्जा और शहरी विकास मंत्री एके शर्मा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 125 यूनिट तक मुफ़्त बिजली की घोषणा के बारे में पूछे जाने पर कहा- "न बिजली आएगी न बिल आएगा... मुफ्त हो गई। हम बिजली दे रहे हैं'। बिहार में बिजली मुफ्त है, लेकिन यह मुफ्त तभी होगी जब बिजली की आपूर्ति होगी।"
बिहार में अगस्त से फ्री बिजली
बिहार सरकार ने 2025 विधानसभा चुनावों से ठीक पहले एक बड़ा फैसला लेते हुए हर घरेलू उपभोक्ता को प्रति माह 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की घोषणा की है। यह योजना 1 अगस्त 2025 से लागू होगी, जिसका लाभ जुलाई माह के बिल से प्रभावी माना जाएगा (यानी उपभोक्ताओं को जुलाई बिल में ही छूट मिलना शुरू होगी)। राज्य सरकार ने कैबिनेट में मंजूरी दी है कि राज्य के लगभग 1.67 करोड़ घरेलू परिवारों (90‑91% उपभोक्ता) को हर महीने 125 यूनिट बिजली बिल-मुक्त मिलेगी।
