देश

जीजा रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ ED ने दाखिल की चार्जशीट तो भड़के राहुल गांधी, कहा- 10 वर्षों से इस सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा

ईडी की चार्जशीट मे वाड्रा, उनसे जुड़ी स्काई लाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी, सत्यानंद याजी और केवल सिंह विर्क, उनकी कंपनी ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड और कुछ अन्य सहित कुल 11 संस्थाओं को आरोपी बनाया गया है।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो- PTI)

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने जीजा रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि यह सरकार पिछले 10 वर्षों से उन्हें प्रताड़ित कर रही है। राहुल गांधी ने हरियाणा के शिकोहपुर में जमीन सौदे से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए जाने को शुक्रवार को दुर्भावनापूर्ण और राजनीति प्रेरित कार्रवाई करार दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह अपने बहनोई और उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

रॉबर्ट वाड्रा के साथ राहुल गांधी

उन्होंने यह भी जोर दिया कि वे सभी किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का सामना करने का साहस रखते हैं और सम्मान के साथ ऐसा करते रहेंगे। राहुल गांधी ने अंत में विश्वास जताया कि आखिरकार सत्य की जीत होगी। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा- "मेरे बहनोई को पिछले 10 वर्षों से इस सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। यह नवीनतम आरोपपत्र उसी की अगली कड़ी है।" उन्होंने आगे कहा, "मैं रॉबर्ट, प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके बच्चों के साथ खड़ा हूं क्योंकि वे दुर्भावनापूर्ण, राजनीति से प्रेरित बदनामी और उत्पीड़न के इस नए हमले का सामना कर रहे हैं।"

क्या है मामला

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा के शिकोहपुर में एक जमीन सौदे में कथित अनियमितता से जुड़े धन शोधन के एक मामले में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के कारोबारी पति रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। वाद्रा के कार्यालय ने बाद में एक बयान जारी कर कहा कि वर्तमान कार्यवाही उनके खिलाफ वर्तमान सरकार द्वारा की जा रही राजनीतिक कार्रवाई का विस्तार मात्र है। सूत्रों ने बताया कि यह पहली बार है जब किसी जांच एजेंसी ने 56 वर्षीय वाड्रा के खिलाफ आपराधिक मामले में अभियोजन शिकायत (आरोप पत्र) दाखिल की है। सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने वाड्रा और स्काई लाइट हॉस्पिटेलिटी प्राइवेट लिमिटेड जैसी उनकी अन्य संबंधित संस्थाओं से संबंधित 37.64 करोड़ रुपये मूल्य की 43 अचल संपत्तियां भी कुर्क की हैं। आरोप पत्र में वाड्रा, उनसे जुड़ी स्काई लाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी, सत्यानंद याजी और केवल सिंह विर्क, उनकी कंपनी ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड और कुछ अन्य सहित कुल 11 संस्थाओं को आरोपी बनाया गया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article