Pahalgam Terrorist Attack : पहलगाम आतंकवादी हमले के खिलाफ देश भर में भारी गुस्सा और आक्रोश है। लोग सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शहरों में बाजार बंद कर विरोध जताया जा रहा है। इस बीच, ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन (AIIO) के प्रमुख डॉ इमाम उमर अहमद इलियासी ने कहा है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज में आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। वहीं, ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिमों से काली पट्टी बांधकर जुमे की नमाज पढ़ने की अपील की है।
आतंकवादी शैतान होता है-इलियासी
इलियासी ने कहा, 'यह बहुत ही दुखद हमला है। इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। हम सबको एक होकर इसका मुकाबला करना होगा। हमने तमाम मस्जिदों से खास तौर पर जामा मस्जिदों से, मदरसों से गुजारिश कर दी है कि जुमे की नमाज में उन शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी जो लोग इस हमले में शहीद हो गए। उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ की जाएगी। तमाम इमाम आतंकवाद के खिलाफ खड़े होकर ऐलान करेंगे। आतंकवाद का कोई मजहब नहीं होता है। आतंकवादी शैतान होता है। पाकिस्तान भारत में जिस तरह आतंकवाद फैलाता है, उसे जवाब देने के लिए भारत तैयार है। जवाब जरूर दिया जाएगा। देश को एक होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होना होगा।'
'आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता'
देश भर के तमाम मुस्लिम संगठन, मौलवी और आम मुस्लिम नागरिक इस आतंकवादी हमले का कड़ा विरोध और निंदा कर रहे हैं। मुस्लिमों का कहना है कि आतकवादियों का कोई धर्म नहीं होता। वे जिहाद के नाम पर इस्लाम को बदनाम कर रहे हैं।
सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग
इससे पहले ओवैसी ने पहलगाम हमले में शामिल आतंकवादियों और उनके आकाओं को उनकी कल्पना से परे दंडित करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान का स्वागत किया। ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्र हित में सरकार की ओर से उठाए गए किसी भी कदम का समर्थन करती है। उन्होंने सरकार से जवाबदेही तय करने की अपनी मांग भी दोहराई। हैदराबाद में संवाददाताओं से मुखातिब ओवैसी ने कहा कि पीड़ित परिवारों के लिए न्याय तभी सुनिश्चित होगा, जब जवाबदेही तय की जाएगी और आतंकवादियों को दंडित किया जाएगा।
सुरक्षा पर पूरी तरह सरकार के साथ-ओवैसी
ओवैसी ने कहा, 'आतंकवाद के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। समय की मांग है कि राष्ट्र का ख्याल रखा जाए। सरकार राष्ट्र के हित, सुरक्षा और कश्मीरियों की सुरक्षा के लिए जो भी कदम उठाएगी, एआईएमआईएम उसका समर्थन करेगी। इस महत्वपूर्ण समय में हमें राष्ट्र हित के लिए एकजुट होना होगा।' ओवैसी ने कहा कि एआईएमआईएम सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडल समिति (सीसीएस) द्वारा उठाए गए कदमों का भी स्वागत करती है।
