Murshidabad Clash: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रामनवमी जूलुस के दौरान हुई झड़प को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक दर्जन पुलिस टीमों को लगाया गया है, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं।
33 लोगों की हुई गिरफ्तारी
अब तक इस मामले में 33 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कल हुई हिंसा में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया जाएगा।
स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस लगातार दोनों समुदायों के लोगों के संपर्क में है और शांति बहाली की कोशिशें जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
क्या है मामला?
बता दें कि रामनवमी जूलुस के दौरान झड़प हो गई। सड़कों पर आगजनी, तोड़फोड़, पत्थरबाजी और भारी अफरा-तफरी की खबरें सामने आई है। बीजेपी के आरोपों के मुताबिक, शोभायात्रा मैकेंजी पार्क से शुरू हुई थी और जैसे ही यह फुलतला मोड़ के पास पहुंची, इस पर हमला कर दिया गया। आरोप लगाया गया कि रामनवमी शोभायात्रा पर पत्थर और ईंटें फेंकी गईं, जिससे कई लोग घायल हो गए।
बीजेपी ने टीएमसी पर साधा निशाना
बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दो शख्स भगवा झंडे के गिराते नजर आ रहा है। उन्होंने पूछा कि क्या पश्चिम बंगाल में रामनवमी के पवित्र अवसर पर सनातनियों द्वारा पवित्र भगवा ध्वज फहराना कोई अपराध है? उन्होंने सीएम ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण का आरोप लगाया।
बता दें कि घटना के बाद मुर्शिदाबाद रेंज के DIG अजीत सिंह यादव पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी के साथ इलाके में पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब हालात काबू में हैं। इलाके में पुलिस गश्त जारी है।
