Bullet Train Steel Bridge: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए महाराष्ट्र में पहला स्टील ब्रिज लॉन्च कर दिया गया है। यह ब्रिज महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी स्थित दिवे-अंजुर गांव में नासिक हाईवे यानी NH-3 के ऊपर बनाया गया है। 100 मीटर लंबे इस स्टील ब्रिज का वजन 1,405 मीट्रिक टन है।
इस ब्रिज की खास बात यह है कि इसे करीब 1,300 किलोमीटर दूर तमिलनाडु के त्रिची में एक वर्कशॉप में तैयार किया गया। इसके बाद इसे ट्रेलरों के जरिए महाराष्ट्र लाया गया। यहां इसे जोड़कर तैयार किया गया और फिर अपनी जगह पर स्थापित किया गया। यह भारत में जटिल और बड़े स्टील स्ट्रक्चर बनाने, उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने और साइट पर स्थापित करने की क्षमता को दिखाता है।
ब्रिज बनाने के दौरान सटीक कटिंग, ड्रिलिंग, वेल्डिंग और पेंटिंग का काम तय डिजाइन, ड्राइंग और तकनीकी मानकों के अनुसार किया गया। स्टील के हर बैच की अल्ट्रासोनिक टेस्टिंग (UT) की गई। काम में लगे वेल्डर और सुपरवाइजर इंटरनेशनल वेल्डिंग एक्सपर्ट्स से प्रमाणित थे। यह प्रोजेक्ट भारत की घरेलू तकनीकी और निर्माण क्षमता को भी दिखाता है और 'मेक इन इंडिया' की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
ब्रिज में लगाई गईं इलास्टोमेरिक बेयरिंग
साइट पर 100 मीटर लंबे ब्रिज को जमीन से करीब 17.5 मीटर की ऊंचाई पर अस्थायी ट्रेस्टल्स पर असेंबल किया गया। इसके लिए 22 स्किड अरेंजमेंट और 54,076 टोर-शियर टाइप हाई स्ट्रेंथ बोल्ट (TTHSB) का इस्तेमाल किया गया। ब्रिज की मजबूती और लंबे समय तक टिकाऊपन के लिए C5 प्रोटेक्टिव पेंटिंग सिस्टम और कंपन को नियंत्रित करने के लिए इलास्टोमेरिक बेयरिंग्स लगाए गए हैं।

महाराष्ट्र में पहला स्टील ब्रिज तैयार
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 9 मौतें, 19 चालान और चार राज्यों के दस्तावेज... बस अग्निकांड के बाद उठे गंभीर सवाल
रात में असेंबल किया गया ब्रिज
ब्रिज को इसके अंतिम स्थान तक पहुंचाने के लिए ऑटोमैटिक सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। इसमें 150-150 मीट्रिक टन क्षमता वाले दो हॉलो जैक और प्री-टेंशन किए गए मैकलॉय बार्स (Macalloy Bars) लगाए गए। हाईवे पर आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसलिए ब्रिज को अपनी जगह पर स्थापित करने का काम रात के समय ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान किया गया।
1,405 मीट्रिक टन वजनी है ब्रिज
स्टील ब्रिज का इस्तेमाल खासतौर पर हाईवे, एक्सप्रेसवे, बड़ी नदियों और रेलवे लाइनों के ऊपर पुल बनाने में किया जाता है, जहां लंबे स्पैन की जरूरत होती है। इस ब्रिज की लंबाई 100 मीटर, ऊंचाई 14 मीटर और चौड़ाई 14 मीटर है। मुख्य ब्रिज का वजन 1,405 मीट्रिक टन है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कुल 28 स्टील ब्रिज बनाए जाने हैं, जिनमें से 16 ब्रिज का काम पूरा हो चुका है।
