देश

'पुत्र-मोह' में पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे दिग्विजय सिंह; निधि चतुर्वेदी ने हाईकमान से की अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग

मध्य प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी की बेटी निधि सत्यव्रत चतुर्वेदी ने पार्टी के वरिष्ठ लीडर दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का विरोध कर पार्टी अनुशासन का उल्लंघन किया है।

Image

बेटे जयवर्धन के साथ दिग्विजय सिंह।

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस की प्रदेश महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी की बेटी निधि सत्यव्रत चतुर्वेदी ने वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी हाईकमान से उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

'दिग्विजय सिंह ने जीतू पटवारी का विरोध कर पार्टी अनुशासन का उल्लंघन किया'

निधि चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट शेयर कर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने उज्जैन के भूमि विवाद और वीर भारत न्यास से जुड़े मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का विरोध कर पार्टी अनुशासन का उल्लंघन किया है। उन्होंने लिखा कि यदि जीतू पटवारी से कोई गलती हुई भी थी तो दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेता को आंतरिक मंचों पर या व्यक्तिगत बातचीत के जरिए अपनी बात रखनी चाहिए थी। इसके बजाय प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सार्वजनिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष के बयान का विरोध करना और उनके लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना अनुचित है।

बेटे जयवर्धन को बनाना चाहते हैं दिग्विजय सिंह

निधि ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह का यह रवैया 'पुत्र-मोह' से प्रेरित है।वे अपने बेटे जयवर्धन सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की महत्वाकांक्षा के चलते संगठन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, तब पार्टी के वरिष्ठ नेता द्वारा इस तरह की बयानबाजी कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ती है और विपक्ष को फायदा पहुंचाती है।

दिग्विजय सिंह की भाषा को RSS के अनुकूल- निधि चतुर्वेदी

अपनी पोस्ट में उन्होंने दिग्विजय सिंह की भाषा को 'RSS के अनुकूल बताते हुए सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या यह केवल संयोग है या इसके पीछे कोई गहरी राजनीतिक सोच है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और अंदरूनी खींचतान के कारण 2020 में मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिरी और बाद के विधानसभा व लोकसभा चुनावों में भी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा।

निधि चतुर्वेदी ने दावा किया कि पार्टी को भीतर से कमजोर करने वाले ऐसे "स्लीपर सेल" को लेकर राहुल गांधी पहले भी संगठन को आगाह कर चुके हैं और अब मध्य प्रदेश में उनकी चेतावनी सही साबित होती दिख रही है। अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अपील की कि पार्टी की साख और कार्यकर्ताओं के मनोबल को बनाए रखने के लिए दिग्विजय सिंह के खिलाफ तत्काल और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article