Gujarat के Morbi में 143 साल पुराना ब्रिज हादसे का शिकार हो गया जिसमें करीब 150 लोगों की मौत हो गई. हादसे के वक्त वहीं मौजूद एक शख्स ने बताया कि उस दिन वहां क्या हुआ था, वैसे इस हादसे से जुड़े कई वीडियोज और तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें दिख रहा है कि ये हादसा कितना भयानक था।
मोरबी पुल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए गुजरात में बुधवार को राज्यव्यापी शोक के मद्देनजर अहमदाबाद और सूरत के नगर निकायों ने शोकसभा का आयोजन किया।अहमदाबाद नगर निगम द्वारा आयोजित शोक सभा में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी शामिल हुए।
लोगों में भारी दुख की लहर है
गांधीनगर में राज्य सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यालयों में झंडे आधे झुके रहे। कोई आधिकारिक या मनोरंजन कार्यक्रम भी आज आयोजित नहीं किया जाएगा। गुजरात के मोरबी शहर में रविवार को ब्रिटिश काल का पुल गिरने की घटना सामने आने के बाद से भारी दुख की लहर है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी किया था घटनास्थल का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी ने मोरबी हादसे से संबंधित सभी पहलुओं का पता लगाने के लिए मंगलवार को 'विस्तृत और व्यापक' जांच का आह्वान किया था।उन्होंने दुर्घटनास्थल का दौरा किया था और उस स्थानीय अस्पताल में भी गए थे, जहां इस हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज चल रहा है।मोदी ने राहत एवं बचाव कार्यों में शामिल लोगों से बातचीत भी की थी और उनके प्रयासों की सराहना की थी।
'अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहना चाहिए'
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, मोदी ने स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।प्रधानमंत्री ने कहा, 'समय की मांग है कि एक विस्तृत और व्यापक जांच की जाए, जिससे इस हादसे से संबंधित सभी पहलू सामने आएंगे।' उन्होंने कहा कि इस जांच से मिले सबक को जल्द से जल्द अमल में लाया जाना चाहिए। मोदी ने कहा कि अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दुख की इस घड़ी में उन्हें हर संभव मदद मिले।
