नई दिल्ली: पूर्वोत्तर भारत के आखिरी छोर तक बिछती रेलवे की पटरियां अब केवल विकास की नहीं, बल्कि भारत की सामरिक शक्ति और सुरक्षा रणनीति की भी पहचान बन रही हैं। मिजोरम की राजधानी आइजोल तक रेल लाइन का पहुँचना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है , न सिर्फ स्थानीय लोगों की यात्रा और जीवन में बदलाव के लिहाज से, बल्कि भारत की सीमाओं की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के नए क्षितिज खोलने के लिहाज से भी।
मिजोरम एक ऐसा राज्य है जो म्यांमार और बांग्लादेश, दो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ा है। इस कारणवश यह इलाका हमेशा से सामरिक रूप से बेहद संवेदनशील रहा है। यहां अवैध घुसपैठ, मादक पदार्थों की तस्करी और रोहिंग्या शरणार्थियों के मुद्दे अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में रेल संपर्क का मजबूत होना, न सिर्फ निगरानी और नियंत्रण को सशक्त बनाएगा, बल्कि सेना और सुरक्षा बलों की लॉजिस्टिक क्षमताओं को भी एक नई धार देगा।
रेल के ज़रिए सीमा तक रणनीति
नई बनी 51 किलोमीटर लंबी रेल लाइन अब आइजोल को शेष भारत से जोड़ती है। इसके बाद करीब 238 किलोमीटर का निर्माण बाकी है, जो मिजोरम को सीधे म्यांमार सीमा तक जोड़ देगा। जैसे ही यह कड़ी पूरी होगी, पूर्वोत्तर का यह इलाका भारत की सुरक्षा नीति में केंद्रीय भूमिका निभाने लगेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन की गतिविधियों और भारत के पड़ोसी देशों के साथ बदलते समीकरणों को देखते हुए यह रेल विस्तार सामरिक रूप से अत्यंत आवश्यक है।
RPF की पैनी नजर, टेक्नोलॉजी के सहारे सुरक्षा
रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) ने इस पूरे सेक्शन पर कड़ी निगरानी की व्यवस्था की है। सुरंगों और पुलों पर हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ड्रोन से लगातार मॉनिटरिंग हो रही है और गश्त बढ़ाई गई है। यह पूरा क्षेत्र आतंकी खतरे की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है, इसलिए इस तरह की सुरक्षा उपाय बेहद अहम हैं। रेलवे परियोजना के मुख्य अभियंता विनोद कुमार का कहना है कि “यह सिर्फ एक ट्रैक नहीं है, यह राष्ट्र की नई रीढ़ है।” वहीं पूर्वोत्तर फ्रंटियर रेलवे के CPRO केके शर्मा ने कहा, “हम न केवल कनेक्टिविटी बढ़ा रहे हैं, हम राष्ट्र की सीमाओं को सुरक्षित भी बना रहे हैं।”
पर्यटन को मिलेगी रफ्तार, खुलेगा विकास का नया अध्याय
इस ट्रैक का सबसे बड़ा लाभ यह भी है कि इससे मिजोरम की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन को नया जीवन मिलेगा। पहली बार ट्रेन जब फावंगपुई की पहाड़ियों, वंतावंग झरनों और डम्पा टाइगर रिजर्व के पास से गुज़रेगी, तो यह अनुभव पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय होगा। विस्टाडोम कोचों के साथ इस रूट को पर्यटन हब के रूप में तैयार किया जा रहा है। केके शर्मा के अनुसार, "अब मिजोरम ‘ऑल वेदर डेस्टिनेशन’ बनेगा, जहाँ पूरे साल सैलानी आ सकेंगे।”
रोजगार और अर्थव्यवस्था को संजीवनी
रेल लाइन से जुड़ते ही इस क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। निर्माण कार्य, रेलवे परिचालन, पर्यटन और स्थानीय हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में हजारों युवाओं को रोज़गार मिलेगा। रेल का यह विस्तार सिर्फ लोहे की पटरियों का जोड़ नहीं है, यह भारत की रणनीतिक सोच, समावेशी विकास और सीमाओं की सुरक्षा का नया मॉडल है। मिजोरम की यह रेल लाइन आने वाले वर्षों में भारत के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विज़न को ज़मीन पर उतारने वाली ऐतिहासिक कड़ी साबित होगी।
