देश

अयोध्या जाना चाहती हैं मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता, राम मंदिर के दर्शन की जताई इच्छा, कहा- भारत की ये जगहें सुंदर और खास

गौरतलब है कि भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्ता काफी पुराना है। थाईलैंड में भारत के प्रसिद्ध ग्रंथ 'रामायण' को 'रामकियेन' कहा जाता है।

Image

मिस वर्ल्ड 2025 ओपल सुचाता

Miss World Opal Suchata: मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब जीतने वाली थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने ने भारत के कई मंदिरों के दर्शन करने की इच्छा जाहिर की। उनकी इस सूची में अयोध्या का राम मंदिर भी शामिल है। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक रिश्तों के बारे में खुलकर बताया। उन्होंने कहा, मैं भारत के बहुत से मंदिरों को देखना चाहती हूं। मुझे ये जगहें बहुत सुंदर और खास लगती हैं। जैसे मैंने कहा, भारत और थाईलैंड की संस्कृति और परंपराएं एक-दूसरे से काफी मिलती-जुलती हैं। इसलिए इन जगहों को देखना और जानना बहुत अच्छा अनुभव होगा।

भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्ता

गौरतलब है कि भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्ता काफी पुराना है। थाईलैंड में भारत के प्रसिद्ध ग्रंथ 'रामायण' को 'रामकियेन' कहा जाता है। यह कहानी थाईलैंड की किताबों, कला और राजा-महाराजाओं की परंपराओं पर गहरा असर डालती है। 'रामकियेन' में हनुमान जी को खास जगह दी गई है। उनके चंचल व्यवहार को चित्रित किया गया है।

तेलंगाना की महिलाओं के लिए एक खास संदेश दिया

चुआंगसरी ने तेलंगाना की महिलाओं के लिए एक खास संदेश दिया। बता दें कि मिस वर्ल्ड 2025 के ग्रैंड फिनाले का आयोजन हैदराबाद के तेलंगाना में किया गया था। उन्होंने कहा, मुझे तेलंगाना की महिलाओं से काफी प्रेरणा मिली। आप सभी की ताकत, हिम्मत और दिल की सुंदरता ने मुझे बहुत प्रभावित किया है। यहां की महिलाओं से मुझे बहुत सारा प्यार और सहयोग मिला। मुझे लगता है कि भारत की महिलाएं बहुत मजबूत हैं और अपने जीवन में जो चाहें, वो कर सकती हैं।

दुनियाभर से करीब 108 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया

मिस वर्ल्ड 2025 में दुनियाभर से करीब 108 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। भारत की ओर से मॉडल नंदिनी गुप्ता ने इसमें हिस्सा लिया। हालांकि, वे मिस वर्ल्ड 2025 के खिताब की दौड़ में टॉप-20 तक ही जगह बना सकीं। चेक गणराज्य की मौजूदा मिस वर्ल्ड क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने अपना ताज नई मिस वर्ल्ड चुआंगसरी को सौंपा। यह थाईलैंड की पहली बड़ी ब्यूटी पेजेंट जीत है।

अपनी इस जीत पर चुआंगसरी ने कहा, यह मेरे लिए बहुत बड़ी सफलता है। थाईलैंड को मिस वर्ल्ड के मंच पर पहचान मिलने पर मुझे गर्व हो रहा है। यह हमारा पहला मिस वर्ल्ड का ताज है और हमने इसे पाने के लिए 70 साल से ज्यादा इंतजार किया है। मुझे सच में लगता है कि मेरे देश के लोग भी गर्व महसूस कर रहे हैं। (आईएएनएस)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article