देश

पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक देशभर में सैन्यबलों ने किया योगाभ्यास; फिटनेस और अनुशासन का दिया संदेश

International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देशभर में भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों और अधिकारियों ने बड़े उत्साह के साथ योग सत्रों में हिस्सा लिया। मध्य कमान ने बताया कि योग शारीरिक ऊर्जा को बढ़ाता है।

Image

देशभर में सैन्यकर्मियों ने किया योगाभ्यास (फोटो साभार: @IaSouthern)

Photo : Twitter

International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रविवार को देशभर में भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों और अधिकारियों ने बड़े उत्साह के साथ योग सत्रों में हिस्सा लिया। ऊंची-ऊंची पहाड़ियों से लेकर मैदानी इलाकों तक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।

भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की सभी प्रमुख कमांडों ने इस आयोजन में भाग लिया, जिसका उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, मानसिक मजबूती और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।

कैरियप्पा परेड ग्राउंड में हुआ भव्य आयोजन

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारतीय सेना ने दिल्ली कैंट स्थित कैरियप्पा परेड ग्राउंड में एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया। जहां सेना के जवानों, उनके परिवारों, विभिन्न देशों के रक्षा अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों समेत 3,500 लोगों ने योग किया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विशाल ग्रिड संरचना में खड़े होकर विभिन्न योगासन किए।

सेना की नॉर्दर्न, वेस्टर्न, ईस्टर्न, सदर्न, सेंट्रल और साउथ वेस्टर्न कमांड में भी योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई कमांडों ने योग दिवस से पहले भी योग सत्रों का आयोजन किया था।

शारीरिक ऊर्जा को बढ़ाता है योग

लखनऊ स्थित सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि योग शारीरिक ऊर्जा को बढ़ाता है, मानसिक एकाग्रता को मजबूत करता है और आंतरिक संतुलन विकसित करता है। इससे व्यक्ति अधिक अनुशासित, स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनता है।

सेंट्रल कमांड ने कहा कि हिमालय की ऊंचाइयों से लेकर गंगा के पवित्र मैदानों और मध्य भारत के विभिन्न क्षेत्रों तक "सूर्य वॉरियर्स" ने योग को जीवनशैली के रूप में अपनाया है। योग शरीर में सहनशक्ति, मन में दृढ़ता और आत्मा में संकल्प को मजबूत करता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article