International Yoga Day 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोलकाता के रेड रोड पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान, उन्होंने कहा कि 21 जून का दिन विश्व के सबसे बड़े सामूहिक उत्सव का दिन बन गया है। विश्व के अलग-अलग हिस्सों से योग की एक से एक अद्भुत तस्वीरें सामने आ रही हैं। भारत में हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक पूर्वोत्तर और पूर्व में बंगाल से लेकर पश्चिम में सौराष्ट्र तक पूरा देश योग की ऊर्जा से चैतन्य से भरा हुआ नजर आ रहा है।
क्या कुछ बोले पीएम मोदी?
उन्होंने कहा कि पूरा देश, पूरा विश्व एक-दूसरे से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है और यही तो योग की ताकत है। योग सबको जोड़ता है, सबको साथ लाता है। मैं इस अवसर पर पूरे विश्व को संपूर्ण मानव समुदाय को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा, ''आज योग दिवस पर, खासकर बंगाल व कोलकाता में यहां बने 'स्वच्छता के योग' के लिए भी मैं कोलकाता वासियों की सराहना करूंगा। ये अद्भुत पहल, 'स्वच्छता से स्वागत' है। 'स्वच्छता से स्वागत' पहल के लिए जिस तरह यहां लगातार श्रम किया गया है, नागरिक कर्तव्य निभाया गया है, वो सभी देशवासियों के लिए आज एक बहुत बड़ी प्रेरणा बन गया है।''
'स्वामी विवेकानंद ने पूरे विश्व को योग से कराया परिचित'
पीएम मोदी ने कहा कि योग दिवस के अवसर पर आज बंगाल में होना बहुत ही विशेष है । बंगाल की ये पवित्र भूमि जहां भगवान राम कृष्ण परमहंस जैसे सिद्ध संतों ने अवतार लिया। जहां से निकलकर स्वामी विवेकानन्द ने पूरे विश्व को योग से परिचय करवाया। जहां महर्षि अरविंद जैसे महान योगी ने जन्म लिया...आज उसी धरती पर सामूहिक योग का अनुभव एक अलग आध्यात्मिक अनुभूति दे रहा है...
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अंतरिक्ष में क्या कर रही FIFA वर्ल्ड कप 2026 की फुटबॉल? NASA ने शेयर कीं हैरतअंगेज तस्वीरें; VIDEO भी देखें
उन्होंने कहा कि योग केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य पर ही फोकस नहीं करता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य से शारीरिक स्वास्थ्य का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि योग दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए एक आवश्यकता भी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर करोड़ों लोग योग से जुड़ते हैं, लेकिन आज का ये दिन हमें अपने साझा संकल्प को फिर दोहराने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि आइए संकल्प लेते हैं कि योग को महज एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि अपने जीवन, परिवार और आने वाली पीढ़ियों का हिस्सा बनाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष योग 365 की पहल को भी आगे बढ़ाया गया है। इसके तहत 100 दिन के ऑनलाइन योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसमें अभूतपूर्व जनभागीदारी देखी गई है। 130 देशों के 30 लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा कि जब समाज स्वस्थ होगा तब राष्ट्र भी अधिक सक्षम और अधिक समृद्ध और आत्मविश्वासी बनेगा। मैं सबके लिए कामना करता हूं- सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः।
