देश

महबूबा ने बताया-आखिर क्यों गईं भोलेबाबा के शरण में, पुंछ के नवग्रह मंदिर में श‍िवल‍िंग पर क‍िया है जलाभ‍िषेक

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 16, 2023, 01:58 PM IST

Membooba Mufti News: महबूबा का यह मंदिर दर्शन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नागवार गुजरा। भगवा पार्टी ने इसे एक राजनीतिक चहलकदमी बताया। जम्मू-कश्मीर भाजपा इकाई के प्रवक्ता रणबीर सिंह पठानिया ने कहा कि महबूबा और उनकी पार्टी ने साल 2008 में श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को जमीन दिए जाने का विरोध किया था।

Image

बुधवार को नवग्रह मंदिर गई थीं महबूबा मुफ्ती।

Photo : PTI

Membooba Mufti : जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को पुंछ जिले में नवग्रह मंदिर का दौरा किया और यहां स्थित नवग्रह मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मंद‍िर जाने और पूजा करने का महबूबा का वीड‍ियो सोशल मीड‍िया में तेजी से वायरल हुआ। उनके इस मंदिर दर्शन पर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाए। अब पीडीपी नेता ने गुरुवार को इस पर सफाई दी। महबूबा ने कहा कि इस नवग्रह मंदिर का निर्माण यशपाल शर्मा ने कराया था। शर्मा के पुत्र की इच्छा थी कि वह मंदिर का दर्शन करने के लिए आएं।

यशपाल शर्मा की प्रतिमा पर महबूबा ने पुष्प चढ़ाए

महबूबा ने कहा, 'नवग्रह मंदिर पहुंचने पर किसी ने मुझे पानी से भरा एक पात्र दिया। ऐसे में जलाभिषेक करने से इंकार करना गलत होता। इसलिए मैंने मंदिर में पूजा-पाठ और जलाभिषेक किया।' महबूबा अपने दो दिन के दौरे पर पुंछ गई हैं। उन्होंने मंदिर में निर्मित यशपाल शर्मा की प्रतिमा पर पुष्प भी चढ़ाए।

मंदिर दौरे को भाजपा ने बताया नौटंकी

हालांकि, महबूबा का यह मंदिर दर्शन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पसंद नहीं आया। भगवा पार्टी ने इसे एक राजनीतिक चहलकदमी एवं स्टंट बताया। जम्मू-कश्मीर भाजपा इकाई के प्रवक्ता रणबीर सिंह पठानिया ने कहा कि महबूबा और उनकी पार्टी ने साल 2008 में श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को जमीन दिए जाने का विरोध किया था। पठानिया ने कहा कि महबूबा का मंदिर जाना पूरी तरह से एक राजनीतिक ड्रामा है। इससे उनको कोई फायदा नहीं होगा।

पूर्व सीएम कविंद्र गुप्ता ने साधा निशाना

प्रवक्ता ने कहा कि 'इस तरह के सियासी दिखावे से यदि कोई बदलाव हुआ होता तो जम्मू-कश्मीर आज समृद्धि की ऊंचाई पर पहुंच गया होता।' राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कविंद्र गुप्ता ने कहा, 'मैं भी मंदिर का दर्शन करके आया हूं लेकिन खबर महबूबा बनीं क्योंकि वह कुछ अलग कर रही हैं। जाहिर है कि चुनाव नजदीक आने पर वे लोग इस तरह का ड्रामा और दिखावा करने लगते हैं। अगर ये लोग वास्तव में राज्य का भला करना चाहते हैं तो इन्हें देश एवं जम्म-कश्मीर के हित में काम करना चाहिए।'

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!