SIR को लेकर सवालों में घिरे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर कांग्रेस ने अपना दबाव बढ़ा दिया है। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की मंगलवार को दिल्ली के इंदिरा भवन में हुई बैठक में तीन प्रमुख फैसले हुए। CWC की बैठक में सीईसी ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग, SIR खत्म करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह की जिम्मेदारी तय करने पर सहमति बनी। CWC बैठक में बनी सहमतियों पर कांग्रेस एक संवाददाता सम्मेलन करने वाली है। ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस देश भर में विरोध-प्रदर्शन भी कर रही है।
हम पूरे देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे-वेणुगोपाल
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, 'आज हमने करीब ढाई घंटे तक कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक की, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनावी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। पूरी कार्यसमिति ने राहुल गांधी को ‘वोट चोरी’ अभियान के जरिए भारतीय लोकतंत्र से जुड़े सबसे बड़े मुद्दे को उठाने के लिए बधाई दी। पिछले 18-19 महीनों से लगातार देश के सामने ऐसे सबूत रखे जा रहे हैं, जिनसे यह आरोप लगाया जा रहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त समझौता कर चुके हैं और देश की चुनावी व्यवस्था में धांधली हो रही है।'
उन्होंने कहा कि चाहे EVM का मामला हो या मतदाता सूची का, दोनों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हम पूरे देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के जरिए इसका आक्रामक तरीके से विरोध करेंगे।
संसद से सड़क तक लड़ेंगे-कुमारी शैलजा
बैठक में शामिल होने के बाद कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने कहा, 'पूरी कांग्रेस पार्टी और पूरे देश लोगों को लोकतंत्र को बचाने के लिए इस लड़ाई में साथ खड़ा होना पड़ेगा। हम लोग राहुल गांधी के साथ हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ इस लड़ाई में है। वोट चोरी का विषय सबसे पहले राहुल गांधी ने उठाया और उनकी एक-एक बात सच साबित हो रही है। कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक इस लड़ाई को लड़ेगी।
खरगे ने पीएम मोदी का इस्तीफा मांगा
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) पर तीखा हमला बोला। खरगे ने पीएम मोदी पर 'नोटबंदी' से देश की अर्थव्यवस्था तबाह करने और अब 'वोटबंदी' की साजिश रचकर लोकतंत्र को खत्म करने का आरोप लगाया। खरगे ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तीफा मांगा। बैठक में CPP अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मौजूदगी में खरगे ने कहा कि जैसे अंग्रेजों के शासनकाल में वोट का अधिकार छीना गया था, वैसे ही आज फिर से भारत के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी कांग्रेस के कंधों पर आ खड़ी हुई है।
