मारवाड़ी यूनिवर्सिटी एक बार फिर विवादों में आ गई है, एक ही सप्ताह में यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग से दूसरे छात्र ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कंप्यूटर साइंस विभाग के थर्ड ईयर के छात्र हेमंत गंदमाने ने मारवाड़ी यूनिवर्सिटी की बिल्डिंग से छलांग लगा दी। छात्र हेमंत आंध्र प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।
अभी पिछली आत्महत्या का सही कारण सामने नहीं आया है, तभी दूसरे छात्र की आत्महत्या की घटना से हड़कंप मच गया है। मारवाड़ी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार पिंटो मेनन का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि एक ही सप्ताह में दूसरे छात्र की आत्महत्या की घटना से हमें भी दुख है। आज सुबह आत्महत्या करने वाले छात्र हेमंत गंदमाने ने दो लेक्चर भी अटेंड किए थे।
आत्महत्या की घटना में विभागाध्यक्ष और प्रोफेसरों की भूमिका को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
क्या छात्र रैगिंग का शिकार हुआ था?
इस दिशा में भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मारवाड़ी यूनिवर्सिटी ने भी पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया है। इस घटना को लेकर छात्रों और युवा संगठनों में भारी आक्रोश है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाने के लिए परिसर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।
जैसे ही विरोध प्रदर्शन हिंसक हुआ, एबीवीपी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय का गेट जबरन खोल दिया और मुख्य भवन तक पहुंचने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में कड़ी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
