देश

नरेंद्र मोदी, सावरकर और संघ...सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में हिंदुत्व की विचारधारा पर क्या-क्या कहा?

सोनिया ने लिखा- प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के पहले शपथ ग्रहण समारोह का विशाल पैमाना देखकर ही मैं अंदाजा लगा सकती थी कि यह सरकार किस तरह की होने वाली है।

Image

सोनिया गांधी ने मोदी सरकार और संघ पर क्या-क्या कहा

Photo : PTI

Sonia Gandhi Autobiography: सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ आज लॉन्च हो गई। यह आज दुनिया भर में आधिकारिक तौर पर लॉन्च हो गई है। इस किताब में सोनिया गांधी के एक साधारण यूरोपीय लड़की से लेकर भारत की सबसे ताकतवर राजनीतिक शख्सियत बनने तक के उतार-चढ़ाव भरे सफर को बेहद करीब से बयां किया गया है। अपनी किताब में सोनिया ने भारतीय राजनीति, मोदी सरकार, आरएसएस और हिंदुत्व की विचारधारा पर भी अपना नजरिया रखा है।

सावरकर और हिंदुत्व की विचारधारा पर क्या लिखा?

सोनिया ने इस किताब में लिखा है- सावरकर हिंदुत्व के नाम से जानी जाने वाली विचारधारा के संस्थापक थे। वह भारत को मुख्य रूप से एक ऐसे राष्ट्र के रूप में देखते थे, जहां हिंदुओं का सर्वोच्च स्थान हो। आरएसएस, बीजेपी और उनके सहयोगी संगठनों की ओर से जिस विचारधारा का समर्थन किया जाता है, उसे संघ परिवार कहा जाता है। वे एक बेहद रूढ़िवादी विचारधारा को मानते हैं, जो अतीत के एक आदर्शवादी समाज की कल्पना करती है। यह ऐसी पितृसत्तात्मक और पदानुक्रम वाली व्यवस्था का समर्थन करती है, जो सदियों से चली आ रही है। साथ ही, यह सत्ता और संपत्ति के केंद्रीकरण के पक्ष में है।

यूपीए सरकार और कारोबारी जगत की नाराजगी

पिछले चार दशकों में उन्होंने बड़े कारोबारी घरानों का वित्तीय और राजनीतिक समर्थन हासिल किया है, जो उनके आर्थिक एजेंडे से सहमत हैं। बीजेपी का मौजूदा नेतृत्व इसी विचारधारा का प्रतिनिधित्व करता है। यूपीए सरकार को सत्ता विरोधी लहर (एंटी-इंकम्बेंसी) का सामना करना पड़ रहा था। कारोबारी जगत हमारी नीतिगत निष्क्रियता से नाराज था। ऐसे में बड़े कारोबारी घरानों ने बीजेपी के पक्ष में अपनी ताकत लगा दी।

नरेंद्र मोदी का पहले शपथ ग्रहण समारोह

सोनिया ने लिखा- प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के पहले शपथ ग्रहण समारोह का विशाल पैमाना देखकर ही मैं अंदाजा लगा सकती थी कि यह सरकार किस तरह की होने वाली है। यह एक बेहद दिखावटी आयोजन था। दुनियाभर में दक्षिणपंथी सरकारों का उदय हुआ है। भारत भी इसका अपवाद नहीं है।

कैंब्रिज की प्रेम कहानी (1965)

किताब की शुरुआत 1965 के उस दौर से होती है, जब कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान 19 साल की सोनिया माइनो की मुलाकात भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पोते राजीव गांधी से हुई थी। यह हिस्सा उनके शुरुआती प्रेम प्रसंग और सांस्कृतिक दूरियों को पाटने की जद्दोजहद को बयां करता है। इटली के युद्धोत्तर माहौल से निकलकर एक विदेशी बहू के रूप में भारत आने, यहाँ की संस्कृति को अपनाने और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ अपने संबंधों व पारिवारिक जीवन के कई अनछुए पहलुओं पर प्रकाश डाला गया है।

व्यक्तिगत त्रासदियां और राजनीतिक सफर

इस आत्मकथा में पति राजीव गांधी और सास इंदिरा गांधी की नृशंस हत्या के बाद टूटे परिवार को संभालने और अपनी अनिच्छा के बावजूद राजनीतिक दुनिया में कदम रखने के उस दर्दनाक सफर का जिक्र है, जिसे उन्होंने 'व्यक्तिगत शोक से राजनीतिक कर्तव्य' की ओर एक रूपांतरकारी यात्रा बताया है। किताब में उस बहुचर्चित मोड़ का भी जिक्र है जब 2004 में यूपीए (UPA) की जीत के बाद उन्होंने खुद प्रधानमंत्री पद ठुकरा दिया था और मनमोहन सिंह को इस पद की कमान सौंपी थी।

राजनीतिक गलियारों में हलचल

सोनिया गांधी की यह आत्मकथा ऐसे समय में आई है जब भारतीय राजनीति में उनके छह दशकों के अनुभव और पार्टी के भीतर के कई ऐतिहासिक निर्णयों को पहली बार खुद उनके नजरिए से जानने का मौका मिलेगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह संस्मरण भारतीय राजनीतिक इतिहास के कई पन्नों को एक नया परिप्रेक्ष्य देगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article