Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या के विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का वादा करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’बनाएगी। यादव ने राम मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, श्रद्धालुओं का विश्वास बहाल करने और स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाने का भी वादा किया। यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे। उन्होंने सोमवार देर रात सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट के जरिए अयोध्या के संबंध में अपनी भावी योजनाएं साझा कीं और कहा कि उनकी पार्टी अयोध्या नगरी के मान-सम्मान को बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता लाने का वादा
उन्होंने दावा किया कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या राम मंदिर में चोरी की कथित घटना के कारण लगातार घट रही है, जिसका सीधा असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने पर सपा इस स्थिति को सुधारेगी और मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता लाकर लोगों का विश्वास बहाल करेगी। उन्होंने अयोध्या में विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा भी किया।
'संपत्तियों और धन की भी जांच कराई जाएगी'
यादव ने आरोप लगाया कि 'बाहरी ठेकेदारों’ने अयोध्या को लूटा है। उन्होंने अयोध्या को 'बाहरी ठेकेदारों’ से मुक्त कराने और जमीन के सौदों की जांच कराने का वादा करते हुए कहा कि सर्किल रेट से जुड़े कथित घोटाले में शामिल भाजपा नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। यादव ने कहा कि अयोध्या में कथित लूट से अर्जित संपत्तियों और धन की भी जांच कराई जाएगी। सपा अध्यक्ष ने धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए कड़े कानूनी प्रावधान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के आराध्य या महापुरुष का अपमान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नौकायन को बढ़ावा देने की भी घोषणा की
यादव ने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को संरक्षण देने वाले भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए जिम्मेदार हैं और उनके खिलाफ भी उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सपा प्रमुख ने कहा कि अयोध्या में ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी, जिसमें किसी गरीब महिला या बच्चे का उत्पीड़न या अपमान न हो सके। उन्होंने राशन व्यवस्था में तेल और घी शामिल करने का वादा करते हुए कहा कि इससे लोगों की पोषण संबंधी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी। यादव ने अयोध्या में परंपरागत नौकायन को बढ़ावा देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय नाविकों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिलेगा तथा भगवान राम और निषादराज के बीच प्रगाढ़ संबंधों की परंपरा को भी मजबूती मिलेगी।
12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या पहुंचेंगे अखिलेश
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस संबंध को कमजोर करना चाहती है, क्योंकि वह नहीं चाहती कि भगवान राम और पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के बीच ऐतिहासिक जुड़ाव को याद किया जाए। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या पहुंचेंगे और राम मंदिर एवं हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह उनकी पहली अयोध्या यात्रा होगी। यादव अयोध्या में साधु-संतों और महंतों से भी मुलाकात करेंगे।
(एजेंसी इनपुट)
