बॉलीवुड

Tiger Shroff पर गोलीबारी के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट, बॉलीवुड स्टार्स को दी ये सलाह

सलमान खान, रोहित शेट्टी और टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट है। सितारों को भीड़ और फैंस के साथ सेल्फी लेने से बचने की सलाह दी गई है।

Image

मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड स्टार्स को दी ये सलाह (pic credit-instagram)

बॉलीवुड सितारों की चमक-दमक के पीछे अब डर का माहौल भी बढ़ता जा रहा है। कभी सलमान खान, फिर रोहित शेट्टी और अब टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) को निशाना बनाकर हुई गोलीबारी की घटनाओं ने मुंबई पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिल रही धमकियों के बीच पुलिस अब किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती। यही वजह है कि मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड के बड़े सितारों को सार्वजनिक जगहों पर कम से कम समय बिताने और फैंस के साथ सेल्फी लेने से बचने की सलाह दी है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Ramayana Box Office Collection Day 5: दुनियाभर में छाई रामायण, 700 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म)

फैंस के साथ सेल्फी लेने से भी बचने की सलाह

पुलिस की इस सलाह के मुताबिक, फिल्मी सितारों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर ज्यादा देर रुकने से बचना चाहिए। खास तौर पर फैंस की मांग पर उनके बीच जाकर सेल्फी लेने से परहेज करने को कहा गया है। पुलिस का मानना है कि ऐसी जगहों पर सितारों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ सकता है। इसका एक उदाहरण अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' के बाहर देखने को मिला। पिछले सप्ताह अमिताभ बच्चन अपने घर के बाहर बुलेटप्रूफ कांच के पीछे खड़े होकर फैंस का अभिवादन करते नजर आए। इससे पहले वह इस तरह सुरक्षा घेरे में दिखाई नहीं दिए थे। इस बदलाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी सवाल उठे थे।

टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा को लेकर अपनी रणनीति पर फिर से काम शुरू कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड से धमकी मिलने वाले सितारों की जानकारी पुलिस के पास रहती थी। उसी आधार पर उनकी सुरक्षा तय की जाती थी। लेकिन रोहित शेट्टी और टाइगर श्रॉफ के मामलों में ऐसा नहीं हुआ। दोनों को पहले किसी धमकी भरे फोन की जानकारी नहीं थी। सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कुछ दूसरे कलाकारों के नाम भी सामने आए। बताया गया कि आरोपियों ने टाइगर को निशाना बनाने से पहले कुछ अन्य सितारों के घरों की रेकी की थी। इसके बाद पुलिस ने कई बड़े सितारों की सुरक्षा की दोबारा जांच की है और कुछ की सुरक्षा बढ़ाई भी गई है।

Kumar Sarash
कुमार सरसauthor

कुमार सरस टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी लेखन शैली सरल, स्पष्ट और रोचक है, जो पाठकों को तुरंत जोड़ लेती है। कुमार सरस को बॉलीवुड, टीवी और OTT की ट्रेंडिंग खबरों पर काम करने में खास रुचि है। अब तक उन्होंने 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिखे हैं, जिनमें ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव अपडेट्स और एंटरटेनमेंट फीचर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article