Times Now Navbharat
live-tv
Premium

बेबी बूमर्स से जेन अल्फा तक! न वक्त की मार, न आधुनिकता का असर... 80 साल की विरासत है भदसेनी का रंगमंच

बिहार के एक गांव में 80 साल से अधिक पुरानी एक खास नाट्य परंपरा आज भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित है। लालटेन की रोशनी में शुरू हुआ यह सफर अब नई पीढ़ी के हाथों आगे बढ़ रहा है, अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेज रहा है। जानते हैं भदसेनी गांव के अनोखे रंगमंच के बारे में जिसने बेबी बूमर्स से जेन अल्फा तक का दौर देखा है।

Image
लालटेन की रोशनी से आज के मंच तक… 80 साल से जिंदा है भदसेनी की नाट्य संस्कृति
Authored by: शिशुपाल कुमार
Updated Nov 10, 2026, 12:09 IST
Follow on Google News

कबिहार के नवादा जिले में एक गांव पड़ता है- भदसेनी। जब देश दशहरे की तैयारी में जुटा रहता है, रामलीला कर रहा होता है, तभी ये गांव दिवाली की तैयारी में जुट जाता है। सुनने में थोड़ा अटपटा भले लगे, लेकिन सच यही है, अब आप सोच रहे होंगे कि ये कैसा गांव है, जहां दशहरे से पहले ही दिवाली की तैयारी शुरू हो जाती है? इस तैयारी का रहस्य कोई 10-20 साल पुरानी नहीं बल्कि 80 साल से भी ज्यादा समय के इतिहास में छिपा है। दरअसल भदसेनी बिहार के उन चंद गांवों में शामिल है, जहां आज भी एक खास नाट्य संस्कृति जिंदा है। आपने रंगमंच के क्षेत्र में कई ग्रुप का नाम सुना होगा, जैसे- अस्मिता (दिल्ली), नंदीकर (कोलकाता), मोटली (मुंबई) आदि, भदसेनी की इस तरह की प्रसिद्ध भले न हो, लेकिन जिस तरह से इसने गुलामी के दौरे से लेकर आजादी तक का इतिहास समेट रखा है, वो अपने आप में भारतीय नाट्य संस्कृति की एक ग्रंथ की तरह है। बेबी बूमर्स (Baby Boomers) से भी पहले शुरू हुई ये संस्कृति अब जेन अल्फा (Gen Alpha) तक पहुंच चुकी है।

अदाकार से लेकर संगीतकार तक, सब अपना

भदसेनी की सामाजिक बुनियाद इतनी गहरी है कि इस मौके पर सब एक हो जाते हैं। न किसी से कोई द्वेष और न ही कोई लड़ाई, इस नाट्य संस्कृति के लिए सारे विरोध खत्म हो जाते हैं। ग्रामीण ही सारी जिम्मेदारी संभालते हैं। बाहर से यहां सिर्फ नृत्यांगनाएं आती हैं और साउंड सिस्टम, बाकी सबकुछ सालों से ग्रामीणों ने जमा कर रखा है। नाटक के पर्दे से लेकर साज तक, एक्टर से लेकर संगीतकार तक, नगड़ची से लेकर ढोलकची तक और हारमोनियम मास्टर से लेकर नालमास्टर तक, सब गांव का है। यहां नाटक भले ही मर्द करते हों, लेकिन देखने के लिए उमड़ी भीड़ में महिलाएं भी बराबर की हिस्सेदार होती हैं। पुरुष और महिलाओं के लिए बैठने की व्यवस्था अलग-अलग लेकिन बराबरी की ही होती है।

नाट्य मंचन का एक दृश्य

नाट्य मंचन का एक दृश्य

तीन रात, तीन नाटक और तीन दौर

यहां की नाट्य संस्कृति सही मायनों में इसी तीन के रहस्य में छिपी है। यहां नाटकों का मंचन तीन दिन या कहें कि तीन रातों का होता है। इन तीन रातों में तीन नाटकों का मंचन होता है, जिसमें से एक संगीत नाटक, दो गद्य नाटक। इन नाट्य संस्कृति को विकास करने में पीछे की तीन पीढ़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अब चौथी पीढ़ी इस विरासत को आगे बढ़ाने के काम पर लगी है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि आज जो सबसे कम उम्र के पात्र हैं, उनकी उम्र महज 11 साल है।

आधुनिक रंगमंच की दुनिया का सबसे कठिन विधा- संगीत नाटक

परंपरा रही है कि पहला दिन संगीत नाटक होगा। संगीत नाटक को पारंपरिक और आधुनिक रंगमंच की दुनिया का सबसे कठिन विधाओं में से एक माना जाता है। संगीत नाटक की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इसमें एक कलाकार को एक ही समय में अभिनय (Acting), गायन (Singing), और नृत्य (Dancing) तीनों विधाओं में महारत दिखानी होती है। वे पूरी तरह काव्यात्मक, संगीतमय और छंदबद्ध होते हैं। इनमें कहानी को आगे बढ़ाने, पात्रों के भावों को व्यक्त करने और दर्शकों को बांधे रखने के लिए अलग-अलग प्रकार के काव्यात्मक रूपों (छंदों) का प्रयोग किया जाता है। इसमें चौपाई, दोहा, बहर-ए-तवील, छंद, कड़खा, पुकार आदि का प्रयोग होता है। पात्र अपनी बात छंद और चौपाई में शुरू करते हैं, और दृश्य के चरम (Climax) पर पहुंचते-पहुंचते वह एक पूरे गीत या लोकधुन में बदल जाता है। इस विधा में म्यूजिक का बड़ा ही अहम रोल होता है, जिसकी जिम्मेदारी भी सालों से ग्रामीण ही निभाते आ रहे हैं।

संगीत नाटक की अगली रात देशभक्ति पर आधारित नाटक और सामाजिक कुरीतियों पर चोट करता हुआ नाटक होता है। बीच-बीच में हास्य कलाकार भी अपना प्रोग्राम पेश करते हैं।

नाट्य मंचन के दौरान म्यूजिक की जिम्मेदारी संभालते ग्रामीण

नाट्य मंचन के दौरान म्यूजिक की जिम्मेदारी संभालते ग्रामीण

नृत्यांगनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका

तीन दिनों के इस कार्यक्रम में एक्टरों के साथ-साथ नृत्यांगनाओं का भी बड़ा रोल रहता है। ये नृत्यांगनाएं आज की ऑर्केस्ट्रा संस्कृति से दूर पुरानी पद्धति पर सांस्कृतिक कार्यक्रम करती हैं। भदसेनी की नाट्य संस्कृति में नृत्यांगाओं की महत्वपूर्ण भूमिका इसके स्थापना के समय से ही रही है। इस नाट्य संस्कृति से जुड़े हुए लोग, इनका चयन करते हैं, जिसमें भारतीय संस्कृति के स्थापित गायन कला और नृत्यकला को परखा जाता है। कई मौकों पर ये कलाकार यूपी के फैजाबाद से भी आते थे, जिनका अस्थाई ठिकाना बिहार का गया शहर रहता था। इनका काम नाटक की शुरुआत में या जब मंच कहानी के लिए तैयार हो रहा होता है, तब नृत्य और गायन के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करना होता है जो दर्शकों को बांधे रखने के लिए अहम होता है। इनका नृत्य आज की फूहड़ ऑर्केस्ट्रा संस्कृति से कोसों दूर है। नाट्य संस्कृति का अनुशासन ऐसा कि न तो कोई ग्रामीण, न कोई कलाकार और न ही कोई दर्शक इनके साथ अभ्रद्रता से पेश आता है।

भदसेनी का इतिहास और नाट्य संस्कृति का उदय

भदसेनी आज जहां स्थित है, वो सैकड़ों साल पहले आबादी नहीं थी। भदसेनी निवासी और नाट्य मंच के वर्तमान निर्देशक में से एक डॉ. अशोक कुमार इसके इतिहास को लेकर बताते हैं कि सैकड़ों साल पहले इस क्षेत्र के राजा भद्रसेन हुआ करते थे, जो एक समय शिकार के लिए के इस इलाके में पहुंचे थे। उनके साथ सिपाहियों के अलावा एक उनका वफादार कुत्ता भी था, जिसकी बहादुरी के किस्से प्रसिद्ध थे, लेकिन इस जगह पर एक अजीब घटना घटी, जब राजा शिकार से थकने के बाद आराम कर रहे थे, तब एक बिल्ली ने उनके कुत्ते पर हमला कर दिया और उसे घायल कर दिया। आमतौर पर बिल्ली, कुत्ते को देखते ही भाग जाती है, लेकिन यहां उल्टा हुआ, कु्त्ता मैदान छोड़कर भाग खड़ा हुआ। विद्वान राजा भद्रसेन इस तरह की जमीन से प्रभावित हुए बिना रह नहीं सके और मिट्टी को चूमने लगे। और उन्होंने ही इस गांव की नींव रखी है, जिसे उनके नाम की पहचान मिली भद्रसेनी जो कलांतर में आज का भदसेनी हो गया।

ये तो गांव का परिचय हुआ, अब आते हैं इसकी नाट्य संस्कृति पर। अगर कोई एक फिक्स तारीख या साल पूछिएगा तो आरंभ कब हुआ ये स्पष्टता नहीं है, सन् 1949 से इसका वर्णन है, लेकिन वास्तविक इतिहास इससे कई साल पुराना है। शुरुआत भारत के अन्य गांवों की तरह ही हुई, रामलीला या अन्य धार्मिक नाटकों की तरह ग्रामीणों ने अपने सहयोग से नाटक आरंभ किया। तब भी कोई बाहरी मदद नहीं थी। न व्यवस्थित लाइट न पर्दा, बस जो मिला उसी को जोड़कर उत्साही ग्रामीणों ने इस नाट्य संस्कृति की नींव रखी। लालटेन की रोशनी में पहला नाटक खेला गया। 1949 में बड़े लेवल पर मंचन हुआ, संगीत नाटक भदसेनी नाट्य संस्कृति का आधार स्तंभ बना, तब कार्तिक माह में महाभारत की प्रसिद्ध पौराणिक प्रेम कथा पर आधारित नल-दमयंती का मंचन हुआ, इलाके भर में इस मंचन की तारीफ हुई। फिर यह सिलसिला चल निकला।

स्व. सुखदेव सिंह और स्व. परशुराम प्रसाद सिंह

स्व. सुखदेव सिंह और स्व. परशुराम प्रसाद सिंह

साल बदला, आजादी मिली और फिर कमान सुखदेव सिंह के हाथ आई

भदसेनी की नाट्य संस्कृति को थोड़ी और मजबूती तब मिली, जब इसकी कमान संगीत के मर्मज्ञ सुखदेव सिंह के हाथ में आई। सुखदेव सिंह को संगीत का काफी ज्ञान था। मुंबई जा चुके थे, बॉलीवुड में कुछ काम भी किया लेकिन मन रमा नहीं और वापस अपने गांव आ गए। आने के बाद उन्होंने इस नाट्य संस्कृति के डायरेक्शन का जिम्मा अपने ऊपर ले लिया। सुखदेव सिंह के समय में भदसेनी की नाट्य संस्कृति गांव से निकलकर प्रखंड तक और फिर जिले तक ख्याति अर्जित करने लगी। एक से एक नाटकों का मंचन हुआ, कई किरदारों को प्रसिद्धियां मिली। हालांकि संस्थानों की कमी बनी रही। तब लाइट के लिए पेट्रोमैक्स, दाढ़ी-मूछ के लिए सन (जिससे चारपाई बुनी जाती थी), मेकअप के लिए चॉक, कालिख का इस्तेमाल होता रहा। न कोई मेकअप मैन, न कोई डिजाइनर, सारे काम ग्रामीण ही करते। स्टेज बनाने से लेकर एक्टिंग तक, साज बजाने से लेकर ड्रेस डिजाइन तक, यहां की नाट्य संस्कृति किसी भी बाहरी सोर्स पर निर्भर नहीं थी।

सुखदेव सिंह खुद संगीत के विद्वान थे, कड़े अनुशासन से पात्रों को एक-एक लय सिखाते, कई दिनों तक रात में रिहर्सल करवाते और फिर जब मंचन होता, तब पात्र पूरी महफिल लूट ले जाते। डॉ. अशोक कुमार उन दिनों को याद कर कहते हैं कि तब तकनीक का जानकारी न के बराबर थी। लेकिन जिस तरह से नाटक का मंचन होता था, लोग ताली बजाने को मजबूर हो जाते थे।

कलाकारों का मेकअप करते हुए ग्रामीण नवीन कुमार सिंह

कलाकारों का मेकअप करते हुए ग्रामीण नवीन कुमार सिंह

भदसेनी नाट्य संस्कृति का स्वर्णिम दौर

भदसेनी नाट्य परंपरा का स्वर्णिम दौर डॉ. साहब के दौर में माना जाता है। दरअसल जब सुखदेव सिंह का स्वर्गवास हो गया, तब इसकी कमान परशुराम प्रसाद सिंह के हाथ आ गई। परशुराम प्रसाद सिंह वैद्य थे, सरकारी सेवा दे चुके थे। डॉ. साहब का आगमन और भदसेनी नाट्य संस्कृति में तकनीक का आगमन लगभग दोनों साथ-साथ हुआ। उन्होंने इसे और अनुशासित किया, सुखदेव सिंह की विरासत को आगे बढ़ाते हुए डॉ. साहब ने पात्रों और विषयों के चुनाव में बेहतर विकास विकास के प्रयास किए। नाटकों का चयन संगीत के रूप में तो धार्मिक और इतिहासिक कहानियों पर आधारित रहा, लेकिन गद्य में इसने अपने आप को कई विधाओं में बढ़ाया। इस समय नाट्य संस्कृति के केंद्र में संगीत के साथ-साथ समाजिक कुरीतियों पर आधारिक कहानियों, राजनीतिक भ्रष्टाचार पर चोट करने वाली कहानियों, देश पर शहीद होने वाले गुमनाम नायकों की कहानियों पर केंद्रित रही। उस दौर में जिन नाटकों का मंचन हुआ, उसमें जहांगीर का इंसाफ, शोला और तूफान, सूखी रोटी, आजादी नहीं गुलामी चाहिए जैसे कई नाटक शामिल हैं, जिन्हें लोगों द्वारा जमकर सराहा गया। तब श्रीकांत सिंह, रामाधिन सिंह, विरेंद्र कुमार, महेंद्र झा, रामाश्रय सिंह, मधुसुदन सिंह, रामानंद सिंह, नरेंद्र कुमार, अशोक कमार ने अपने-अपने किरदारों का एक तरह से जीवंत मंचन किया था।

मंच पर जाने से पहले कलाकारों को निर्देश करते डायरेक्टर अशोक कुमार

मंच पर जाने से पहले कलाकारों को निर्देश करते डायरेक्टर अशोक कुमार

वर्तमान नाट्य मंचन और भविष्य

डॉ. साहब के निधन के बाद आज इसे जेन एक्स (Gen X) के दो निर्देशक संभाल है, और दोनों की ही नाम अशोक है और दोनों ही शिक्षक हैं। डॉ. साहब को जब आभास हो गया कि अब शरीर उनका साथ नहीं दे रहा है और शायद वो ज्यादा दिनों तक जीवित नहीं रहेंगे तो उन्होंने अपनी आंखों के सामने ही अपने उत्तराधिकारी की घोषणा कर दी थी। जिनमें से एक उनके पुत्र अशोक कुमार थे और दूसरे इस नाट्य संस्कृति के अभिन्न अंग, नाटककार, अशोक कुमार उर्फ नरेंद्र कुमार। इन दोनों के समय में इस नाट्य संस्कृति को एक नई पहचान दी गई- डॉ. साहब नाट्य कला परिषद, भदसेनी। क्योंकि सुखदेव सिंह भी किसी जमाने में जड़ी-बूटी में हाथ आजमा चुके थे, पुराने लोग उन्हें डॉ.साहब भी कहते थे, उनकी विरासत संभालने वाले परशुराम प्रसाद सिंह भी डॉक्टर ही थे।

नाट्य मंच के डायरेक्टर शोक कुमार उर्फ नरेंद्र कुमार कलाकारों के साथ

नाट्य मंच के डायरेक्टर शोक कुमार उर्फ नरेंद्र कुमार कलाकारों के साथ

वक्त बदलता गया, पीढ़ियां बदलती गईं, मनोरंजन के तरीके बदल गए, लेकिन बिहार के भदसेनी गांव ने अपनी एक विरासत को कभी छूटने नहीं दिया। कभी लालटेन की धुंधली रोशनी में शुरू हुआ नाटकों का यह सफर आज मोबाइल और इंटरनेट के दौर में भी उसी जुनून के साथ जारी है। इस मंच पर किसी एक कलाकार की कहानी नहीं होती, यह पूरे गांव की कहानी होती है। कोई पर्दा संभालता है, कोई साज बजाता है, कोई किरदार निभाता है, तो कोई मंच के पीछे रहकर इस परंपरा को सांसें देता है। जिन हाथों ने कभी अपने बुजुर्गों को मंच सजाते देखा था, आज वही हाथ अपने बच्चों को अभिनय सिखा रहे हैं। और शायद यही भदसेनी की सबसे बड़ी खूबसूरती है- यहां विरासत सिर्फ यादों में नहीं रहती, अगली पीढ़ी के साथ मंच पर उतरती है।

आज जब दुनिया तेजी से बदल रही है और पुरानी परंपराएं धीरे-धीरे पीछे छूटती जा रही हैं, तब भदसेनी के लोग हर साल तीन रातों तक अपने गांव को एक रंगमंच में बदल देते हैं। यह सिर्फ तीन नाटकों का आयोजन नहीं, उन बुजुर्गों के सपनों को जिंदा रखने की कोशिश है, जिन्होंने कभी इस परंपरा की नींव रखी थी। उन कलाकारों की मेहनत का सम्मान है, जिन्होंने बिना संसाधनों के भी मंच को कभी सूना नहीं होने दिया। और उन बच्चों के लिए एक संदेश है, जो इस विरासत को आगे ले जाने वाले हैं।

End of Article