Akhilesh Yadav Controversial Statement: समाजवादी पार्टी प्रमुख और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने गुरुवार को चुनाव आयोग को लेकर विवादित टिप्पणी की जिस पर बवाल मचने की संभावना जताई जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग मर गया है। हमें सफेद पकड़ा भेंट करना पड़ेगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने मिल्कीपुर उपचुनाव में धांधली की है और भाजपा के चुनाव लड़ने का यही तरीका है। चुनाव आयोग मर गया है। सफेद कपड़ा हमें भेंट करना पड़ेगा।
भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव
इससे पहले भी अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर भाजपा पर धांधली का आरोप लगाया था और चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा ने मिल्कीपुर में बेईमानी के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए। भाजपा के गुंडों ने मिल्कीपुर उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए अराजकता की। पुलिस-प्रशासन का उन्हें खुला संरक्षण मिला। पुलिस-प्रशासन ने भाजपा के गुंडों को खुली छूट देकर चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन किया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर एक कथित स्टिंग ऑपरेशन का ऑडियो भी साझा करते हुए कहा था, ''ये है पीठासीन अधिकारियों की सच्चाई का स्टिंग ऑपरेशन जो सत्ताधारी दल के लिए फर्ज़ी मतदान का 'टारगेट' पूरा कर रहे हैं। इनके बूथों पर तुरंत चुनाव रद्द किया जाए और इन्हें प्रथम दृष्टया ऑडियो सुबूतों के आधार पर निलंबित किया जाए और फिर उचित न्यायिक कार्रवाई के बाद बर्खास्त भी।''
मिल्कीपुर में कितने फीसद पड़े वोट
उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव बुधवार को संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के मुताबिक, मिल्कीपुर उपचुनाव में शाम 5 बजे तक 65 फीसद से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मिल्कीपुर उपचुनाव सपा और भाजपा के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है, क्योंकि यह सीट राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अयोध्या जिले का हिस्सा है।
