देश

असम में बाढ़ से हाहाकार: अब तक 31 लोगों की मौत ,5.65 लाख लोग प्रभावित; सीएम सरमा ने खुद संभाला मोर्चा

असम में ब्रह्मपुत्र,दिखौ,देसांग,धनसिरी और बुरीदिहिंग समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। शिवसागर में दिखौ और देसांग नदी का जलस्तर 'अत्यधिक बाढ़' की श्रेणी में पहुंच गया है। वहीं, गोलाघाट के नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी गंभीर बाढ़ की स्थिति में है।

Image

असम में बाढ़ से हाल बेहाल। (फोटो- pti)

असम में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ की चपेट में आने से बुधवार को 21 और लोगों की मौत हो गई। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। राज्य में बाढ़ से लगभग 5.65 लाख लोग प्रभावित हैं ।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने खुद संभाला मोर्चा

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने खुद मोर्चा संभाल रखा है। उन्होंने असम के ऊपरी जिलों में विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और पीड़ितों से बातचीत की। इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने शिवसागर में संवाददाताओं से कहा कि बाढ़ के कारण व्यापक नुकसान हुआ है। मैंने प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया है कि वे इस संकट में अकेले नहीं हैं। हमारी सरकार पुनर्वास और आजीविका के पुनर्निर्माण के हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

24 घंटों के दौरान बाढ़ में डूबने से कुल 21 लोगों की मौत

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बाढ़ में डूबने से कुल 21 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से शिवसागर जिले में चार महिलाओं और दो बच्चों समेत 13 लोगों की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। इसके अलावा चराइदेव में दो बच्चों समेत पांच, गोलाघाट में दो और जोरहाट में एक महिला की जान चली गई।

एएसडीएमए की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, विश्वनाथ, चराईदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, जोरहाट, कामरूप, कामरूप महानगर, कार्बी आंगलोंग, नागांव, शिवसागर और तिनसुकिया जिलों में 5,64,600 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि शिवसागर बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां करीब 3.6 लाख लोग प्रभावित हैं। इसके बाद जोरहाट में लगभग 88,000 और चराइदेव में 72,500 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने असम के लिए ’येलो अलर्ट’ जारी किया है और अगले चार दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार, ’येलो अलर्ट’ का अर्थ सतर्क रहने और स्थिति से संबंधित अद्यतन जानकारी पर नजर बनाए रखना है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article