Northeast Flood: लगातार हो रही मॉनसूनी बारिश की वजह से नॉर्थईस्ट के कई राज्य भयंकर बाढ़ और भूस्खलन का सामना कर रहे हैं और अब तक 36 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई राज्यों में 5.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। नॉर्थईस्ट में बाढ़ और भूस्खलन के कारण असम में सबसे अधिक 11 लोगों की जान गई है, इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में 10, मेघालय में छह, मिजोरम में पांच, सिक्किम में तीन और त्रिपुरा में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
असम में नदियों का रौद्र रूप
असम में बाढ़ की स्थिति सोमवार को भी गंभीर बनी रही और 22 जिलों में 5.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गयी। एक आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में 15 नदियां उफान पर हैं।
यातायात का हाल बेहाल
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक लखीमपुर जिले का दौरा किया और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि असम के अधिकतर स्थानों पर मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण सड़क मार्ग, रेल परिवहन और नौका सेवाएं प्रभावित रहीं।
हिमंत बिस्वा सरमा ने लखीमपुर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों, खासकर उन जगहों का दौरा किया जो अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी हिस्से में रंगनदी बांध से छोड़े गए पानी से जलमग्न हो गए हैं। स्थानीय लोगों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सरमा ने कहा कि अमतोला क्षेत्र में पचनोई नदी का तटबंध टूट गया है, जिससे कई गांवों को भारी नुकसान पहुंचा है।

नॉर्थईस्ट में बाढ़ से हाल बेहाल
एक रक्षा अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सिक्किम के छतेन में एक सैन्य शिविर के भूस्खलन की चपेट में आने की वजह से तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई तथा छह सैनिक लापता हैं।
धामी ने नॉर्थईस्ट के CMs संग की बात
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को असम, त्रिपुरा एवं अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात करके बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली और कहा कि प्रदेश की जनता नॉर्थईस्ट के राज्यों संग खड़ी है। धामी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा व अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू से बात की और उनके राज्यों में हो रही भारी वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की।
