Manipur NPP withdraws support: एनपीपी ने मणिपुर में बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार से समर्थन वापस (NPP withdraws support) लिया। 60 सदस्यीय सदन में पार्टी के सात विधायक हैं। समर्थन वापस लेने से सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि भाजपा के पास अपने दम पर बहुमत है। गौर हो कि पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में शनिवार रात को फिर से हिंसा भड़क उठी, जब जीरीबाम जिले में उग्रवादियों द्वारा छह लोगों की हत्या से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के पैतृक घर सहित तीन राज्य मंत्रियों और छह विधायकों के आवासों पर हमला किया।
अधिकारियों ने बताया कि गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने निंगथौखोंग में पीडब्ल्यूडी मंत्री गोविंददास कोंथौजम, लैंगमीडोंग बाजार में हियांगलाम के भाजपा विधायक वाई राधेश्याम, थौबल जिले में वांगजिंग टेंथा के भाजपा विधायक पाओनम ब्रोजेन और इंफाल ईस्ट जिले में खुंड्राकपम के कांग्रेस विधायक थ लोकेश्वर के घरों में आग लगा दी। हालांकि, जवाब में सरकार ने पांच जिलों में अनिश्चितकालीन निषेधाज्ञा लागू कर दी और राज्य के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दीं।
मणिपुर पुलिस ने रविवार को बताया कि कथित तौर पर "घरों में तोड़फोड़ और आगजनी" करने वाली भीड़ में शामिल कम से कम 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर में आज फिर से हिंसा क्यों भड़की है?
शनिवार की रात को आक्रोश तब भड़क उठा जब सोमवार से विस्थापित व्यक्तियोंके शिविर से लापता दो महिलाओं और एक बच्चे के शव जिरीबाम में बराक नदी से बरामद किए गए। शुक्रवार की रात को एक महिला और दो बच्चों सहित तीन अन्य शव बरामद किए गए। प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को राज्य के तीन मंत्रियों और छह विधायकों के आवासों पर हमला किया।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां चलाईं
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि असम राइफल्स, बीएसएफ और राज्य बलों सहित सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां चलाईं और सिंह के घर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश को नाकाम कर दिया।
