देश

VIDEO: 'जब मैं आज सुबह उठा तो...', सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाने पर क्या बोले अरविंद केजरीवाल?

Sonam Wangchuk: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई पर केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिस तरह से वांगचुक का अनशन खत्म कराने की कोशिश की, वैसा व्यवहार ब्रिटिश शासन ने भी महात्मा गांधी के साथ नहीं किया था। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछा कि छात्रों और युवाओं की शिक्षा सुधार तथा पेपर लीक रोकने जैसी मांगों को दबाने की बजाय सरकार समाधान क्यों नहीं निकाल रही।

Image

सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाने पर अरविंद केजरीवाल ने जताई नाराजगी। PTI/ Arvind Kejriwal X handle

Sonam Wangchuk: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाए जाने पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने शनिवार को एक बयान जारी कर सरकार के इस रवैए की तुलना ब्रिटिश शासन से कर दी।

अरविंद केजरीवाल ने सुबह सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कहा, "जब मैं आज सुबह उठा, तो मुझे पता चला कि सोनम वांगचुक को बेहद अनुचित तरीके से वहां से हटा दिया गया है। उनके भूख हड़ताल को तोड़ने की कोशिशें की गईं।" उन्होंने आगे केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन में कई लंबे उपवास और अनशन किए, लेकिन ब्रिटिश हुकूमत ने भी उनके साथ कभी इस तरह का बर्ताव नहीं किया था जैसा आज लोकतांत्रिक भारत में हो रहा है।

पीएम मोदी से सीधा सवाल

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा सवाल पूछते हुए कहा, "मैं मोदी जी से पूछना चाहता हूं। ये युवा आखिर क्या मांग रहे हैं? वे हमारे देश के बच्चे हैं और उनके साथ ऐसा व्यवहार करना बिल्कुल गलत है।" उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी छात्र और सोनम वांगचुक देश में सिर्फ एक बेहतर शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक का खात्मा और एक मजबूत परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं।

'मुद्दे सुलझाने के बजाय आंदोलन को बदनाम करने में जुटी सरकार'

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की शिक्षा और परीक्षा प्रणाली में सुधार करने के बजाय पूरी तरह से इस आंदोलन को कुचलने में लगी है। उन्होंने कहा, "युवाओं की जायज मांगों को पूरा करने और परीक्षा व्यवस्था की कमियों को दूर करने के बजाय, सरकार का पूरा ध्यान इस बात पर है कि कैसे इस आंदोलन को विफल किया जाए, कैसे इसे बदनाम किया जाए और कैसे इन लोगों को अपमानित किया जाए।"

सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट किए जाने के बाद से ही दिल्ली की सियासत गरमा गई है। अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने नीट (NEET) परीक्षा धांधली के खिलाफ चल रहे इस आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है, जिससे आने वाले दिनों में संसद से सड़क तक टकराव बढ़ने के आसार हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article