देश

खतरनाक केमिकल मिलने के बाद मणिपुर में दो कफ सिरप ब्रांडों पर बैन; स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को दी गई चेतावनी

मणिपुर सरकार ने दो कफ सिरप ब्रांडों पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिनमें अत्यधिक हानिकारक रसायन पाए गए हैं। इन सिरपों में डायथिलीन ग्लाइकॉल जैसी विषैली सामग्री मौजूद थी, जो गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और मृत्यु का कारण बन सकती है। अब मेडिकल दुकानों और अस्पतालों में इन उत्पादों के वितरण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Image

मणिपुर में कफ सिरप पर प्रतिबंध (प्रतीकात्मक तस्वीर: Canva)

Manipur Cough Syrup Ban: मणिपुर सरकार ने शुक्रवार को दो कफ सिरप ब्रांडों पर प्रतिबंध लगा दिया है, क्योंकि इनमें अत्यधिक हानिकारक रसायन पाए गए हैं। औषधि नियंत्रण विभाग ने राज्य में इन उत्पादों की बिक्री और उपयोग पर रोक लगा दी है और सभी खुदरा विक्रेताओं, वितरकों व दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित बैच तुरंत अपने स्टोर से हटा कर अनुपालन की रिपोर्ट पेश करें। स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के औषधि नियंत्रण प्रशासन ने जारी बयान में बताया कि उपभोक्ताओं, दुकानदारों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को चेतावनी दी गई है कि वे इन दो कफ सिरप ब्रांडों की खरीद और इस्तेमाल न करें, क्योंकि इनमें डाइएथिलीन ग्लाइकॉल जैसे अत्यधिक विषैले रसायन मौजूद पाए गए हैं।

बयान में बताया गया है कि मध्य प्रदेश सरकार की औषधि परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट के अनुसार गुजरात में निर्मित कफ सिरप ब्रांड "रीलाइफ" और "रेसिपफ्रेश टीआर" में डायथिलीन ग्लाइकॉल पाया गया, जो एक हानिकारक औद्योगिक रसायन है। इसके सेवन से गंभीर विषाक्तता, गुर्दे की क्षति और गंभीर मामलों में मृत्यु भी हो सकती है।

राज्य में इन दोनों सिरपों के आगे वितरण को रोकने के लिए मेडिकल दुकानों और अस्पतालों में निगरानी कड़ी कर दी गई है। स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को विशेष रूप से उन मरीजों में डायथिलीन ग्लाइकॉल विषाक्तता के लक्षणों पर ध्यान रखने की सलाह दी गई है, जिन्होंने संभावित रूप से ये सिरप उपयोग किए हों।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article