देश

बंगाल में दुनिया की सबसे ऊंची 'महाकाल' की बनेगी मूर्ति; ममता 'दीदी' ने किया बड़ा ऐलान

Mahakal Idol: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी के माटिगाड़ा में मंदिर परिसर में भगवान शिव के महाकाल अवतार की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने की शुक्रवार को घोषणा की। इस अवसर पर बनर्जी ने कहा कि 216 फुट ऊंची इस संरचना में भगवान शिव की 108 फुट ऊंची कांस्य मूर्ति होगी।

Image

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)

Mahakal Idol: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी के माटिगाड़ा में मंदिर परिसर में भगवान शिव के महाकाल अवतार की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने की शुक्रवार को घोषणा की, जिसका शिलान्यास उन्होंने विभिन्न धार्मिक समुदायों के नेताओं की मौजूदगी में किया।

महाकाल महातीर्थ

इस अवसर पर बनर्जी ने कहा कि 216 फुट ऊंची इस संरचना में भगवान शिव की 108 फुट ऊंची कांस्य मूर्ति होगी। उन्होंने बताया कि ‘महाकाल महातीर्थ’ नामक यह परिसर 17.41 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा और लगभग ढाई साल में पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के लिए खुलने के बाद इसका संचालन महाकाल मंदिर न्यास करेगा।

बनर्जी ने कहा, ‘‘हमने जमीन सौंप दी है और परिसर के निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी है। यह परिसर दुनियाभर में भगवान शिव के सबसे बड़े मंदिर परिसरों में से एक होगा। जमीन पर भराव और समतल करने का काम तुरंत शुरू किया जाएगा। इस परिसर में प्रतिदिन एक लाख तीर्थयात्रियों को संभालने की क्षमता होगी।’’

मुख्यमंत्री ममता ने क्या कुछ कहा

उन्होंने बताया कि यह मंदिर परिसर बंगाल के मैदानी इलाकों की आध्यात्मिक विरासत को इसकी पहाड़ियों से जोड़ेगा, क्योंकि दार्जिलिंग में पहले से ही महाकाल मंदिर मौजूद है। बनर्जी ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सिलीगुड़ी में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने इसके लिए जमीन पहले ही चिह्नित कर ली है और निर्माण के लिए निर्धारित निजी पक्ष को यह भूखंड मुफ्त में सौंप दिया जाएगा।’’ बनर्जी ने इस मौके पर स्कूल भवन, लग्जरी बसें और चाय बागान श्रमिकों के बच्चों के लिए ‘क्रेच’ समेत कई सामाजिक सेवा परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article